
ट्रेंडिंग डेस्क. भारत के ज्यादातर राज्यों में भारी जनसंख्या की वजह से रोड ट्रैफिक काफी ज्यादा होता है। ट्रैफिक के मामले में हर व्यक्ति अपने शहर को सबसे ज्यादा ट्रैफिक वाला बताता है पर भारत का ये शहर सबसे ज्यादा ट्रैफिक कंजेशन के मामले में दुनिया में दूसरे नंबर पर है। हम बात कर रहे हैं कर्नाटक के बेंगलुरु शहर की। 2022 के ट्रैफिक इंडेक्स में इसे दुनिया का सबसे ज्यादा ट्रैफिक कंजेशन वाला दूसरा शहर बताया गया है। आइए जानते हैं क्यों…
सड़कों पर वाहन चलते नहीं रेंगते हैं
ये इंडेक्स जारी किया है डच लोकेशन स्पेशलिस्ट टॉम-टाॅम (TomTom) ने। 2022 की इस रिपोर्ट में बताया गया कि बेंगलुरु में महज 10 किलोमीटर का सफर तय करने में औसतन 29 मिनट 10 सेकंड का वक्त लगा। इस दौरान शहरी क्षेत्र के अंदर वाहनों की औसत रफ्तार (Average Speed) 18 किमी/घंटा थी। वहीं 2021 में औसत रफ्तार 14 किमी/घंटा थी, जैसे वाहन सड़क पर रेंग रहे हों।
सबसे ज्यादा ट्रैफिक कंजेशन यहां
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि इस मामले में सबसे ज्यादा ट्रैफिक कंजेशन लंदन में दर्ज किया गया। यहां 10 किमी का सफर तय करने में औसतन 36 मिनट 20 सेकंड का वक्त लगा। सिटी सेंटर श्रेणी में तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक कंजेशन डब्लिन व आयरलैंड में दर्ज किया गया। इसके बाद चौथे नंबर पर जापान का साप्पोरो, इटली का मिलान और छठे नंबर पर भारत का पुणे शहर है।
ट्रैफिक जाम के मामले ये शहर भी लिस्ट में
बात ट्रैफिक जाम की हो और दिल्ली-मुंबई का नाम न आए ये कैसे हो सकता है? इस लिस्ट में दिल्ली 34 व मुंबई 47वें नंबर पर है। ऐसा इसलिए क्योंकि टॉम-टॉम द्वारा जारी किए गए ट्रैफिक इंडेक्स में केवल सिटी सेंटर के आंकड़े लिए गए हैं। सिटी सेंटर में शहर के 5 किमी के रेडियस को लिया जाता है, जिसमें सबसे ज्यादा यातायात भीड़ हो। बात करें मेट्रो क्षेत्र के आंकड़ों की तो इसमें मुंबई छठे नंबर पर है क्योंकि मेट्रो क्षेत्र में केवल शहरी ही नहीं पूरे इलाकों को लिया जाता है।
ट्रैफिक के मामले में ये सबसे बुरा दिन
ट्रैफिक इंडेक्स में आगे बताया गया कि 2022 में बेंगलुरु शहर में ट्रैफिक कंजेशन के लिहाज से सबसे बुरा दिन 15 अक्टूबर (शनिवार) था। उस दिन शहर में 10 किलोमीटर का सफर तय करने में औसतन 33 मिनट 50 सेकंड लग रहे थे। आंकड़ों की मानें तो बेंगलुरु शहर में एवरेज ट्रैवल टाइम लगातार बढ़ रहा है। बेंगलुरु में रहने वाले एक व्यक्ति का औसतन 260 घंटा (10 दिन) ड्राइविंग में और 134 घंटा ट्रैफिक जाम में ही निकल जाता है।
यह भी पढ़ें : Aero India 2023 : हवा में वायु सेना के रोंगटे खड़े कर देने वाले करतब, देखें 12 तस्वीरें
अन्य ट्रेंडिंग आर्टिकल्स के लिए यहां क्लिक करें…
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News