कलमा पढ़ाने को लेकर हुए विवाद के बाद कानपुर के विद्यालय ने लिया बड़ा फैसला, कहा- अब किसी को नहीं होगी दिक्कत

Published : Aug 02, 2022, 05:19 PM IST
कलमा पढ़ाने को लेकर हुए विवाद के बाद कानपुर के विद्यालय ने लिया बड़ा फैसला, कहा- अब किसी को नहीं होगी दिक्कत

सार

सीसामऊ के एसीपी निशंक शर्मा ने कहा कि फ्लोरेट्स इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक सुमित माखीजा के खिलाफ IPC की धारा 295 ए और उत्तर प्रदेश गैर कानूनी धर्म परिवर्तन निषेध कानून, 2021 की धारा 5(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, इस मामले को लेकर स्कूल मैनेजर ने कहा कि धार्मिक प्रार्थना की जगह विद्यालय में केवल राष्ट्रगान कराया जाएगा।

कानपुर: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) के एक निजी स्कूल (Private School) में सुबह की प्रार्थना के दौरान बच्चों को कलमा पढ़ने के लिए बाध्य किए जाने पर अभिभावकों की आपत्ति के बाद स्कूल के प्रबंध निदेशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सीसामऊ के सहायक पुलिस आयुक्त निशंक शर्मा ने कहा कि फ्लोरेट्स  इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक सुमित माखीजा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295 ए और उत्तर प्रदेश गैर कानूनी धर्म परिवर्तन निषेध कानून, 2021 की धारा 5(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, इस मामले को लेकर स्कूल मैनेजर ने कहा कि धार्मिक प्रार्थना की जगह विद्यालय में केवल राष्ट्रगान कराया जाएगा।

डीएम के निर्देश पर जांच करने पहुंचे BSA, प्रबंध निदेशक से मांगा स्पष्टीकरण
इस मामले को लेकर सहायक पुलिस आयुक्त निशंक शर्मा ने कहा कि एक बच्चे के पिता रवि राजपूत की शिकायत पर सीसामऊ पुलिस थाना में यह मामला दर्ज किया गया है और इस मामले में जांच शुरू की गई है। कानपुर के जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह भी मंगलवार को उस स्कूल में पहुंचे और माखीजा तथा अन्य लोगों से इस संबंध में पूछताछ की। बीएसए ने बताया कि स्कूल प्रबंधन से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है और उन्हें स्कूल और इसके भवन के संबंध में दस्तावेज जमा करने के लिये भी कहा गया है।

अभिभावकों की आपत्ति के बाद धार्मिक प्रार्थनाओं पर लगा दी गई रोक - स्कूल प्रबंधन
फ्लोरेट्स  इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक सुमित माखीजा ने कहा कि बच्चों के अभिभावकों की आपत्ति के बाद सुबह की सभा के दौरान धार्मिक प्रार्थना पर रोक लगा दी है। विश्व हिंदू परिषद और भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद हमने सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया था। स्कूल को और दो दिन मंगलवार और बुधवार को बंद रखने का निर्णय किया गया है। उन्होंने कहा कि सर्व धर्म सम्मान दर्शन के तहत सुबह की सभा के दौरान गायत्री मंत्र और गुरुबानी का गायन भी किया जाता है। एक बच्चे के अभिभावक द्वारा यह ट्वीट किए जाने के बाद कि दो दशक पुराने संस्थान में बच्चों को कलमा तैय्यब का गायन करने के लिए बाध्य किया जा रहा है, यह विवाद पैदा हुआ। 
 
धार्मिक प्रार्थनाओं की जगह होगा राष्ट्रगान- एसीपी 
इस पूरे विवाद के तूल पकड़ने के बाद एसीपी (सीसामऊ) निशंक शर्मा ने बताया कि ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल होने के तुरंत बाद इसकी सूचना जिला मजिस्ट्रेट और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा की गई। उन्होंने कहा कि हमने सुमित माखीजा से पूछताछ की और उसने स्पष्ट किया कि चार धर्मों की प्रार्थना सुबह की सभा के दौरान बच्चों से कराई जाती थी। स्कूल गायत्री मंत्र, गुरुबानी और दुआ के गायन को प्रोत्साहित करता रहा है जिससे बच्चे यह सीख सकें कि सभी धर्म समान हैं। स्कूल मैनेजर ने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की धार्मिक  प्रार्थना ना की जाए। धार्मिक प्रार्थना की जगह विद्यालय में केवल राष्ट्रगान कराया जाएगा।

गो-शालाओं में दिखी लापरवाही तो जिम्मेदारों पर होगा बड़ा एक्शन, सीएम योगी ने बनाया खास प्लान
 

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Weather Update 5 August 2026: दिल्ली-NCR से छत्तीसगढ़ तक बारिश का अलर्ट, जानिए आपके शहर का हाल
अब गोरखपुर भी बनेगा लखनऊ जैसा? राप्ती नदी किनारे बनने जा रहा है शानदार River Front