Raja Bhaiya Ram Katha: प्रतापगढ़ के कुंडा में 17 से 20 नवंबर तक धीरेंद्र शास्त्री रामकथा सुनाएंगे। राजा भैया ने पाकिस्तान से आए 500 हिंदू शरणार्थियों को बुलाया है। अयोध्या, काशी और प्रयागराज के दर्शन भी कराएंगे।
प्रतापगढ़: पाकिस्तान से अपना घर-बार छोड़कर भारत आए 500 हिंदू शरणार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश का कुंडा एक खास धार्मिक यात्रा का गवाह बनने जा रहा है। विधायक राजा भैया ने इन परिवारों को अपने यहां आयोजित श्रीराम कथा में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। खास बात यह है कि शरणार्थियों को सिर्फ कथा ही नहीं सुनाई जाएगी, बल्कि अयोध्या, काशी और प्रयागराज के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन भी कराए जाएंगे।
17 नवंबर से कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा
प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक चार दिवसीय श्रीराम कथा होगी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा सुनाएंगे। आयोजन की जिम्मेदारी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया संभाल रहे हैं।
राजस्थान के जोधपुर स्थित शरणार्थी शिविर में रहने वाले 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों को विशेष निमंत्रण भेजा गया है। इन परिवारों के ठहरने के लिए कथा स्थल के पास टेंट लगाए जा रहे हैं। भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Best Lightweight Scooters: हाइट कम है तो टेंशन छोड़ें! ₹90,000 के बजट में देखें 4 बेस्ट ऑप्शन
10 बसों से अयोध्या, काशी और प्रयागराज की यात्रा
राजा भैया ने शरणार्थियों के लिए धार्मिक यात्रा की भी योजना बनाई है। इसके तहत उन्हें प्रयागराज के संगम घाट, अयोध्या धाम और वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा के लिए 10 बसों का इंतजाम किया गया है।
शरणार्थियों से राजा भैया का पुराना रिश्ता
राजा भैया वर्ष 2024 में जोधपुर के शरणार्थी शिविर पहुंचे थे। वहां उन्होंने परिवारों से मुलाकात कर आर्थिक सहायता दी थी। दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में रहने वाले पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों की भी वह मदद कर चुके हैं।
बेंती में तैयारियां तेज, सुरक्षा के विशेष इंतजाम
कथा स्थल पर जर्मन हैंगर टेंट लगाए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा तैयारियां भी चल रही हैं। राजा भैया ने वीडियो जारी कर लोगों से परिवार सहित श्रीराम कथा में शामिल होने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: Nvidia CEO Race: जेन्सेन हुआंग की जगह नया किंग कौन? रेस में 3 भारतीय दिग्गज, ट्रंप का दांव टिम कुक पर












