दिल्ली में नहाय-खाय के साथ छठ पर्व शुरू हुआ। श्रद्धालु कालिंदी कुंज यमुना घाट पहुंचे। हालांकि, कई लोगों ने वहां गंदगी पर नाराजगी जताई। आस्था के चलते लोग बदहाली में भी पूजन कर रहे हैं।
दिल्ली में छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। पहले दिन श्रद्धालु कालिंदी कुंज स्थित यमुना घाट पर पहुंचे और नहाय-खाय की परंपरा निभाई। घाट पर छठ मनाने आए लोगों में उत्साह और आस्था दिखाई दी, लेकिन व्यवस्थाओं को लेकर कुछ श्रद्धालुओं ने नाराजगी भी जताई। ओखला फेस-2 से आईं विमलेश ने बताया कि पिछले साल भी घाट की स्थिति ऐसी ही थी और इस बार भी सफाई की कमी है। उन्होंने कपड़े बदलने के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने की शिकायत की। उनका कहना है कि गंदगी के बावजूद लोग आस्था के कारण यहां स्नान करने आते हैं। बिहार और पूर्वांचल के लोगों के लिए छठ बेहद महत्वपूर्ण पर्व है और दिल्ली में रहने वाले कई परिवार हर साल यमुना किनारे इसे मनाते हैं। देखिए, कालिंदी कुंज घाट से छठ के पहले दिन की ये तस्वीरें।













