British Airways Plane Incident: ब्रिटिश एयरवेज की एम्स्टर्डम से आ रही एक फ्लाइट की लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान प्लेन का पिछला हिस्सा रनवे से दो बार टकरा गया. इसके बाद पायलटों ने प्लेन को दोबारा हवा में उड़ा लिया. इस डरावनी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Heathrow Airport Inciden: ब्रिटिश एयरवेज के एक प्लेन की लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना हुई. लैंडिंग के वक्त विमान का पिछला हिस्सा रनवे से घिसटता हुआ नजर आया, जिसके बाद पायलट ने तुरंत प्लेन को वापस हवा में उड़ा लिया. इस डरावने मंजर का लाइव वीडियो सामने आया है, जिसमें पायलट लैंडिंग रोककर विमान को फिर से ऊपर की ओर ले जाते दिख रहे हैं.

यह घटना ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA431 के साथ हुई, जो गुरुवार को एम्स्टर्डम से लंदन आ रही थी. डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरबस A321neo विमान जब सुबह करीब 10.30 बजे हीथ्रो के टर्मिनल 5 पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तब यह हादसा हुआ.

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रनवे के करीब आते ही प्लेन हवा में डगमगाने लगा. पहले बायां पहिया जमीन पर लगा और फिर दायां पहिया रनवे से टकराया. इसके तुरंत बाद विमान का पिछला हिस्सा दो बार रनवे से टकराता हुआ दिखा, जिसे एविएशन की भाषा में 'डबल टेल स्ट्राइक' कहा जाता है.

इसके बाद पायलटों ने तुरंत लैंडिंग का फैसला टाल दिया और प्लेन को वापस हवा में ले गए. ऊंचाई पकड़ने के दौरान विमान थोड़ा बाईं ओर झुका हुआ नजर आया और फिर वह रनवे से दूर चला गया.

इस पूरी घटना का वीडियो 'बिगजेट टीवी' (BigJet TV) नाम के एविएशन लाइवस्ट्रीमिंग चैनल ने रिकॉर्ड किया और एक्स (X) पर शेयर किया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. अब तक इस वीडियो को 50 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और लोग इसे देखकर काफी हैरान हैं.

यहां देखें वीडियो

Scroll to load tweet…

डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, जब यह विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तब हीथ्रो एयरपोर्ट पर उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही थीं, जिनकी रफ्तार करीब 16 किलोमीटर प्रति घंटा (10 मील प्रति घंटा) थी. इस घटना के बाद ब्रिटिश एयरवेज ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.