
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में अग्निवीर बनने का सपना देखने वाले भाई- बहन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सपना सेना में भर्ती के लिए अपने भाई किशन के साथ रामकोला -पडरौना मार्ग पर दौड़ लगाती थी। दौड़ लगाने के दौरान अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी जिसमें किशन गंभीर रूप से घायल हो गया और सपना की मौके पर ही मौत हो गई। रक्षाबंधन से पहले ही बहन की मौत से किशन के परिवार में कोहराम मच गया। इस घटना के बाद इलाके में भी शोक की लहर फैल गई है।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
कुशीनगर के रामकोला थाने के पिडरी गांव निवासी सुनील के चार बच्चे हैं। चार बच्चों में तीसरे नंबर की बेटी सपना और चौथे नंबर का बेटा किशन सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे थे। गंभीर रूप घायल किशन को जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सपना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक फैल गया है।
सेना में भर्ती की कर रहे थे तैयारी
जानकारी के मुताबिक, सपना और उसका भाई सेना में भर्ती होना चाहते थे। दोनों रोज सुबह 4 बजे रामकोला -पडरौना मार्ग पर दौड़ लगाने जाया करते थे। लेकिन नियति को शायद यह मंजूर नहीं था। हाल ही में सपना ने सेना भर्ती का फार्म भी भरा था। जिसकी वह तैयारी कर रही थी। घटना के दिन भी सपना और किशन पडरौना- रामकोला मार्ग पर दौड़ लगाने निकले थे। इसी बीच
मेंहदीगंज और धर्मसमदा के बीच अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। आसपास टहल रहे लोगों ने मौके पर पहुंच कर दोनों भाई बहनों को रामकोला सीएचसी में भर्ती कराया था।
रक्षाबंधन से पहले बहन ने तोड़ा दम
अस्पताल में डॉक्टरों ने सपना को मृत घोषित कर दिया और किशन को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सपना के परिजनों के अनुसार, सपना शुरू से ही सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहती थी। इसलिए वह अपने भाई के साथ तैयारी कर रही थी। रामकोला थाने के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय ने बताया है कि पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने सपना को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नीरज कुमार राय ने बताया कि अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और उचित कार्यवाही की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।