
लखनऊ: आजादी के 75वें वर्ष पर रेजीडेंसी लखनऊ में सोमवार को देश का सबसे बड़ा ड्रोन शो शुरू हो गया। पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी और केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने इसका उद्घाटन किया।
इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा कि रेजीडेंसी में वीरों ने अद्भुत साहस का परिचय दिया था। उत्तर प्रदेश पहले स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण केंद्र था। उन्होंने कहा कि कही मंगल पांडेय थे, तो कहीं झांसी की रानी थी। उन्होंने कहा कि हम सब उस पीढ़ी के हैं ,जिसको अपने आजादी के 75 वर्ष को मनाने का मौका मिला है।
उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों ने कभी हार नहीं मानी। उनको अनगिनत यातनाएं दी गईं, लेकिन उनके अंदर आजादी का जज्बा था। सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना पर कंट्रोल करना पूरी दुनिया ने देखा भी है और सोचा है। उन्होंने कहा कि हर गरीब के पास अपना चूल्हा और रोजगार होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोई सोच नहीं सकता था कि कश्मीर से धारा 370 नहीं हट सकती थी। लेकिन मोदी को बहुमत मिला, तो सब हुआ। अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण हो गया है। काशी में भी यही किया गया। उन्होंने कहा कि हम एक ओर शिव की पूजा करेंगे, तो दूसरी ओर सैनिक को सम्मान भी देंगे।
इससे पहले पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के चौरी चौरा के 100 वर्ष में यह कार्यक्रम कर सबको गौरवांवित महसूस कराया है। उन्होंने कहा कि योगी उत्तर प्रदेश के इतिहास में सबसे बड़े कर्म योगी सीएम है।
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि रेजीडेंसी हमको देश के वीरों की याद दिलाता है। यह जगह हमको चौरी चौरा कांड की याद दिलाती है। यहां हर गोली की याद वीरों की याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। अब देश प्रगति कर रहा है तो उसमें उत्तर प्रदेश का योगदान होना चाहिए।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।