Akhilesh Yadav Manifesto 2026 : यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने संविधान दिवस पर समाजवादी पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया है। इसी दौरान पूर्व मंत्री और सपा के सीनियर नेता आजम खान ने जेल में बिताए अपने दिनों का दर्द बयां किया। कहा- दिल चाहता है कि अखिलेश भी जेल जाते…

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने जेल में बिताए अपने दिनों और मुकदमों का दर्द बयां करते हुए पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर एक भावुक टिप्पणी की है। आजम खान ने कहा कि आज उनका दिल चाहता है कि अखिलेश यादव भी छह महीने जेल में रहें, ताकि उन्हें पता चल सके कि जेल में दिन कैसे गुजरते हैं और रातें किस तरह कटती हैं। आजम खान ने अपने जेल के अनुभवों, सजा और परिवार पर पड़े असर का जिक्र करते हुए कहा कि वह आज भी अपनी बेगुनाही के लिए लड़ रहे हैं।

'अखिलेश भी जेल आते तो सच मालूम होता'

  • आजम खान ने कहा, "आज दिल चाहता है कि छह महीने के लिए अखिलेश भी जेल आ जाते, ताकि उन्हें सच मालूम होता कि वहां दिन कैसे गुजरते हैं और रातें कैसे कटती हैं। और क्या कहूं..."
  • उनकी इस टिप्पणी में जेल में बिताए गए कठिन समय का दर्द झलकता है। आजम खान ने अपने जेल के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस दौर में जिंदगी बेहद मुश्किल हो गई थी। हालात ऐसे थे कि उन्हें यह भी समझ नहीं आता था कि कभी जेल से बाहर निकल पाएंगे या नहीं।

'मौत बहुत सस्ती थी, जिंदगी बहुत दर्दनाक'

  • आजम खान ने जेल में बिताए समय को याद करते हुए कहा कि उस दौरान जिंदगी के हालात उनसे सवाल करते थे कि क्या कभी जेल से बाहर निकल पाएंगे भी या नहीं। उन्होंने कहा, "ऐसा लगता था, जैसे किसी ने दिल में खंजर उतार दिया हो। मौत बहुत सस्ती थी और वह जिंदगी बहुत दर्दनाक, जिसे हमने गुजारा।"
  • आजम खान की इस बात से उनके जेल के अनुभवों की पीड़ा सामने आई। उन्होंने अपने मुकदमों और सजा को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि वह खुद को बेगुनाह मानते हैं तथा इसके लिए लड़ाई जारी है।

मुर्गी चोरी के मामले में 21 साल की सजा का जिक्र

  • आजम खान ने अपनी सजा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मुर्गी चोरी के मामले में 21 साल की सजा और 36 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने दावा किया कि अगर चोरी की सामान्य धारा के तहत मामला होता तो अधिकतम सजा तीन साल थी।
  • उन्होंने अपने परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पत्नी और बेटे को भी संबंधित धाराओं में अधिकतम सजा दी गई। आजम खान ने अपने मामलों और सजाओं को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल उठाए।
  • आजम खान की टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अखिलेश यादव ने संविधान दिवस पर समाजवादी पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया है। घोषणापत्र में युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और सामाजिक वर्गों को लेकर कई वादे किए गए हैं। इसी राजनीतिक माहौल के बीच आजम खान का जेल के अनुभवों को लेकर दिया गया बयान चर्चा में आ गया है।