
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के जिले फिरोजाबाद में बुधवार की सुबह दिन दहाड़े बेखौफ घूम रहे बाइक सवार हमलावरों ने एक बार फिर घटना को अंजाम दे दिया। बाइक सवार दबंगों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग हमलावरों की तरफ भागे। गोली की आवाज होने के बाद भीड़ को अपनी ओर आता देख तमंचा वहीं छोड़कर फरार हो गए। इस वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना को लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल पर मौजूद तमंचे को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
युवक को पीछे से बाइक सवारों ने मारी गोली
जानकारी के अनुसार यह मामला शहर के रामगढ़ थाना क्षेत्र का है। थाना उत्तर क्षेत्र के संतोष नगर निवासी सुशील कुमार पुत्र भीमसेन अपने बच्चों को इंदिरा कॉलोनी स्थित एक स्कूल में छोड़ कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके ऊपर यह हमला किया गया है। पीड़ित के अनुसार एक बाइक पर तीन युवक हेलमेट लगाकर पहुंचे, जिन्होंने पीछे से गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में आकर लगी जिसके लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर तुरंत गिर गए। गंभीर रूप से घायल युवक ने लोगों से मदद की आवाज भी लगाई।
गोली-कांड से दिनदहाड़े मच गई अफरा-तफरी
गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग युवक की ओर दौड़े। दिनदहाड़े हुए गोली कांड से अफरा-तफरी मच गई। इस वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तमंचे को कब्जे में ले लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले में इंस्पेक्टर हरवेंद्र मिश्रा का कहना है कि इस घटना को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इसके साथ ही घटनास्थल पर पुलिस को तमंचा बरामद हुआ है। फिलहाल इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।