
कानपुर: आउटर पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले एक किशोर और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों के पास से एक प्रिंटिंग मशीन और 42000 के नकली नोट बरामद हुए हैं। यह दोनों ही लोग बर्रा में किराए के मकान में रहते थे। 100 रुपए के नकली नोट उन लोगों के द्वारा बनाए जा रहे थे और इसे दीवाली के त्योहार पर बड़ी मात्रा में खपाने की तैयारी थी।
तीन माह से कर रहे थे काम
कानपुर आउटर एसपी तेज स्वरूप सिंह के द्वारा जानकारी दी गई कि ईडब्ल्यूएस वरुण बिहार बर्रा-8 निवासी विभू यादव और एक किशोर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए दोनों ही लोग नकली नोट बनाने में संलिप्त थे। दोनों के द्वारा किराए पर लिए गए कमरे में नोट छापे जा रहे थे। दोनों ने अभी तक तीन लाख के नोट बनाकर खपाने की तैयारी की थी। उनके पास से प्रिटिंग मशीन और 42000 के नकली नोट बरामद किए गए हैं। दोनों ही आरोपी तकरीबन तीन माह से नकली नोट छापने का काम कर रहे थे। किसी के पकड़ में वह आसानी से न आ जाए इसके लिए ही 100 रुपए के नोट छापे जा रहे थे। जिससे इन्हें आसानी से बाजार में चलाया जा सके। दीवाली का त्योहार नजदीक आता देख इस काम में और भी तेजी लाने की तैयारी चल रही थी। पुलिस गिरफ्तार दोनों लोगों के साथियों के बारे में पता करने में लगी हुई है।
छह लाख रुपए हारने के बाद छापे नकली नोट
पुलिस की ओर से की गई पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित हाईस्कूल फेल है। वह ऑनलाइन गेम में छह लाख रुपए हार गया था। इसी के चलते उसने नकली नोट बनाने का काम शुरू किया। इस साजिश में उसका साथी विभू यादव भी शामिल था। विभू भी छात्र है और उसने उन्नाव में पॉलीटेक्निक में एडमीशन लिया हुआ है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन लोगों ने जो भी तक नोट छापे थे उनकी खपत कहां पर की थी।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।