
कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफतौर पर देखा जा सकता है कि एक महिला कितनी बेरहमी से दूसरी बुजुर्ग महिला की डंडे से पिटाई कर रही है। इतना ही नहीं महिला को बुजुर्ग महिला मारता देख उसकी मां भी डंडा लेकर उस बुजुर्ग महिला पर टूट पड़ती है। इस दौरान दोनों महिलाएं मिलकर बुजुर्ग महिला को मार-मारकर मरणासन्न कर देती हैं। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला उसकी सास है।
बुजुर्ग महिला को पीट-पीटकर किया अधमरा
वहीं जब बुजुर्ग महिला ने आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई तो आरोपी महिला का भाई डंडा लेकर बीच में खड़ा हो गया। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोप है कि बहू खुशबू और उसकी मां बुजुर्ग महिला को तब तक पीटते रहे जब तक वह अधमरी नहीं हो गई। वहीं मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला खुशबू और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। बीच सड़क पर मारपीट की घटना को देख हर कोई दंग रह गया। वहीं पीड़ित बुजुर्ग मीना देवी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उनके बेटे रोशन और बहू खुशबू में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को किया गिरफ्तार
विवाद बढ़ने पर खुशबू नाराज होकर अपने मायके जाकर रहने लगी थी। मीना देवी ने बताया कि करीब डेढ़ महीने से खुशबू अपने मायके में रह रही है। वहीं बीते शनिवार की दोपहर को वह आलू बीनने के लिए कोल्ड स्टोरेज पर पैदल जा रही थीं। इस दौरान मीना देवी जैसे ही बेटे के ससुराल वालों के घर के सामने पहुंची तो उन्हें बाहर खुशबू मिल गई। इस दौरान सास-बहू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद बहू ने अपनी सास की जमकर पिटाई कर दी। सीओ सिटी अजित सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में आने के बाद और पीड़ित बुजुर्ग महिला की तहरीर के आधार पर दोनों महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
कासगंज कोर्ट में महिला वकीलों के बीच जमकर हुई मारपीट, एक दूसरे के बाल पकड़कर खूब बरसाए थप्पड़
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।