
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। ढाई महीने पहले एक युवती ने परिवार से लड़कर अपने प्रेमी से मंदिर में शादी रचा ली। इसके बाद घर वालों को लेकर हुए विवाद में महिला अपने पति से इतना ज्यादा नाराज हो गई कि उसने हेल्प लाइन मुख्यालय (1090) पहुंचकर मामले की शिकायत की। शिकायत करने के बाद महिला ने मुख्यालय के बाहर जहर खा लिया। वहीं इसके बाद महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मामले पर शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद महिला ने पति पर कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। महिला का कहना है कि उसका पति उसका देवता है।
गुस्से में उठाया ऐसा कदम
महिला ने कहा कि उसने गुस्से में ऐसा कदम उठा लिया था। बाराबंकी निवासी महिला की सेवा 24 अक्टूबर को प्रेमी से पति बना युवक कर रहा है। महिला ने जिस पति को जेल भेजने के लिए बीते गुरुवार को 1090 मुख्यालय के सामने खटमल मारने वाली दवा पीकर अपनी जान देने की कोशिश की थी। वही महिला अब सात जन्मों तक अपने पति के साथ जीने-मरने की कसम खा रही है। महिला का कहना है कि उसे जल्दी गुस्सा आता है। घटना वाले दिन भी उसे गुस्सा आ गया था। इसके बाद पति ने उसे मनाया भी नहीं। इस कारण उसने गुस्से में यह कदम उठा लिया। महिला के जहर खाने के बाद दर्जन भर से ज्यादा पुलिस अधिकारी उसके पास आ चुके हैं। लेकिन महिला सभी से कह रही है कि उससे गलती हो गई है।
परिवार के खिलाफ जा कर की है शादी
बाराबंकी निवासी सिविल इंजीनियर पति ने बताया कि उसे यकीन नहीं हो रहा है कि उसकी पत्नी ऐसा कदम उठा सकती है। पति ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर के कॉल सेंटर में 4 महीने पहले उसकी युवती से मुलाकात हुई थी। बातचीत में पता चला कि वह उसके पड़ोस वाले गांव की रहने वाली है। 1 महीने बाद दोनों ने शादी करने का फैसला ले लिया। परिजनों के नहीं मानने पर दोनों ने 24 अक्टूबर को मंदिर में जाकर शादी कर ली और साथ रहने लगे। शादी के बाद दोनों के परिवार वालों ने उनसे संबंध खत्म कर लिए थे। बताया गया कि दोनों का वैवाहिक जीवन अच्छा चल रहा था। वहीं अचानक से परिवार को लेकर दोनों के बीच बात हुई। जिस पर छोटे से विवाद के बाद महिला ने यह कदम उठाया। गोतमपल्ली थाना इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बताया कि पति से विवाद के बाद महिला ने जहर खाया था। फिलहाल महिला ने शिकायत करने से मना कर दिया है। वहीं उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।