
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी उपचुनाव को मद्देनजर रखते हुए प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव पर सभी की निगाहें टिकी हैं। इसी बीच गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा प्रत्याशी डिंपल यादव चाचा शिवपाल सिंह यादव से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। शिवपाल यादव सपा की ओर जारी चुनाव में स्टार प्रचारकों की सूची में शिवपाल यादव का नाम भी शामिल हैं। बता दें कि समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर साझा की तस्वीर
प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के इटावा स्थित उनके पैतृक गांव सैफई स्थित आवास पर बैठक के बाद एक तस्वीर अपने सोशल मीडिया पर शेयर की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि 'नेताजी' और परिवार के बुजुर्गों के आशीर्वाद के साथ-साथ मैनपुरी की जनता भी हमारे साथ है। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने भी अपने ट्विटर हैंडल से मुलाकात की फोटो ट्वीट की है। दोनों की मुलाकात उपचुनाव से पहले काफी अहम मानी जा रही है। एक घंटे तक सभी साथ थे और उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई। उसके बाद अखिलेश और डिंपल मैनपुरी के लिए रवाना हो गए। वहीं, शिवपाल की ताखा ब्लॉक क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ चर्चा हुई।
डिंपल यादव की जीत का किया था आह्वान
चाचा शिवपाल यादव ने बुधवार को भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उनकी उपचुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका है क्योंकि उनका विधानसभा क्षेत्र जसवंतनगर मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां से वे छह बार निर्वाचित हुए हैं। शिवपाल यादव का डिंपल के पक्ष में प्रचार करना इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि भाजपा ने कभी शिवपाल यादव के करीबी रहे रघुराज सिंह शाक्य को इस सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। शिवपाल का मैनपुरी की जनता से गहरा नाता है और सपा के मुखिया के न रहने पर क्षेत्र में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में मुलायम के प्रतिनिधि के तौर पर जाते थे।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।