लखनऊ: मैनपुरी लोकसभा, रामपर और खतौली विधानसभा सीटों पर बीते दिनों हुए उपचुनाव के नतीजे आज 08 दिसंबर को घोषित कर दिए जाएंगे। मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा सीट पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं। सुबह 8 बजे से शुरू मतगणना के बाद दोपहर तक परिणाम आने की उम्मीद है।
04:51 PM (IST) Dec 08
यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। डिंपल यादव ने 288461 वोट से जीत हासिल की है। यहां से भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य को हार मिली है। मैनपुरी उपचुनाव में जीत मिलने के बाद सपा नेताओं में खुशी की लहर है।
03:38 PM (IST) Dec 08
खतौली से रालोद प्रत्याशी मदन भैया ने जीत दर्ज की है। यहां राजकुमारी सैनी को हार मिली है। हालांकि अभी जीत का औपचारिक ऐलान होना बाकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मदन भैया ने 20 हजार वोटों से जीत दर्ज की है।
03:36 PM (IST) Dec 08
रामपुर में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने 34 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। उन्होंने सपा प्रत्याशी आसिम रजा को करारी शिकस्त दी है। आपको बता दें कि चुनाव में हार मिलती देख आसिम रजा पहले ही मतगणना स्थल से चले गए थे।
03:17 PM (IST) Dec 08
मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव की बढ़त लगातार बरकरार है। डिंपल यादव को यहां 538259 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को 286568 वोट हासिल हुए हैं।
03:11 PM (IST) Dec 08
रामपुर में जारी मतगणना के बीच सपा प्रत्याशी ने धांधली का आरोप लगाया। धांधली का आरोप लगाते हुए प्रत्याशी आसिम रजा मतगणना स्थल से चले गए। उन्होंने कहा कि लोगों को वोट नहीं डालने दिया गया। शिकायत की गई लेकिन फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। रामपुर में आकाश सक्सेना की बढ़त बरकरार है। वह आसिम रजा से 14198 वोटों से आगे चल रहे हैं।
03:09 PM (IST) Dec 08
मैनपुरी में डिंपल यादव की बढ़त लगातार जारी है। यहां सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को 528163 वोट हासिल हुए हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को 281008 वोट हासिल हुए हैं। डिंपल यहां 247155 वोटों के अंतर से आगे है।
03:06 PM (IST) Dec 08
रामपुर में मतगणना का 26 वां राउंड पूरा हो गया। इस बीच भाजपा के आकाश कुमार सक्सेना 50435 वोट हासिल हुए। जबकि सपा के आसिम राजा को 38632 वोट मिले हैं। इस बीच 12803 मतों के अंतर से भाजपा के आकाश आगे चल रहे हैं।
02:36 PM (IST) Dec 08
रामपुर मतगणना के राउंड-21 तक भाजपा प्रत्याशी की बढ़त देखने को मिली। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना को 35091 वोट मिले हैं। जबकि सपा प्रत्याशी आसिम राजा को यहां से 31903 वोट हासिल हुए हैं।
02:29 PM (IST) Dec 08
मैनपुरी उपचुनाव में सपा को मिली बढ़त के बाद चाचा शिवपाल यादव ने अपनी पार्टी प्रसपा का सपा में विलय कर दिया है। शिवपाल यादव ने अखिलेश यादव से सपा का झंडा स्वीकार किया। इस बीच दोनों ही दलों के समर्थक भी वहां मौजूद रहे।
01:50 PM (IST) Dec 08
मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव ने लगातार बढ़त बनाई हुई है। डिंपल यादव भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य से 2 लाख से अधिक वोटों के अंतर से आगे चल रही है। डिंपल यादव की बढ़त को लेकर लगातार सपा नेताओं में उत्साह दिख रहा है। चाचा शिवपाल यादव ने भी डिंपल की इस बढ़त को नेताजी के आदर्शों की जीत बताया है। उन्होंने जसवंतनगर से डिंपल की बढ़त को लेकर भी कहा थी कि डिंपल ने मेरा (शिवपाल यादव) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
01:40 PM (IST) Dec 08
मैनपुरी उपचुनाव में मिली सपा को बढ़त के बाद पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचे हुए हैं। डिंपल यादव की बढ़त के बाद सपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
01:26 PM (IST) Dec 08
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में लगातार जारी बढ़त के बाद डिंपल यादव का जीतना लगभग तय है। इस बीच डिंपल यादव ने मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने स्थानीय मंदिर पहुंचकर ईश्वर से प्रार्थना की।
01:20 PM (IST) Dec 08
जसवंतनगर में 35 राउंड की मतगणना पूरी होने के साथ ही डिंपल यादव की बढ़त बरकरार है। डिंपल यादव ने अपने विपक्षी उम्मीदवारों से 1 लाख से अधिक वोटों के अंतर से बढ़त को बरकरार रखा है। आपको बता दें कि अभी तक कुल काउंटिंग के अनुसार डिंपल यादव को 312139 वोट हासिल हुए हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को 176085 वोट मिले हैं।
12:55 PM (IST) Dec 08
मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव 118906 वोटों से आगे चल रही हैं। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को अभी तक 277134 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को 158228 वोट मिले हैं। वहीं रामपुर में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना को 18594 वोट मिले हैं। जबकि सपा नेता आसिम राजा को 23847 वोट मिले हैं। यहां आसिम रजा 5253 वोटों से आगे चल रही हैं। खतौली में रालोद प्रत्याशी मदन भैया को 36726 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी 26799 वोट मिले हैं। रालोद प्रत्याशी 9927 वोट से आगे चल रहे हैं।
12:12 PM (IST) Dec 08
शिवपाल यादव ने कहा यह नेताजी के आदर्शों की जीत है। नेताजी ने जो विकास कार्य क्षेत्र में किए हैं उसी के चलते यह बड़ा अंतर संभव हो पाया है। चुनाव में अधिकारियों के दम पर बीजेपी ने जीत का प्रयास किया। जो भी मंत्री आते थे वह कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का प्रयास करते थे। उसी के चलते हमने (शिवपाल यादव) कहा था कि यहां किसी की रंगबाजी नहीं चलेगी। आगे भी समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर हम काम करेंगे। निश्चित ही सपा आगे के चुनाव में जीत दर्ज करेगी।
12:10 PM (IST) Dec 08
डिंपल यादव मैनपुरी में बड़ी जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही हैं। इस बीच उन्होंने जसवंतनगर विधानसभा सीट से सभी रिकॉर्डों को तोड़ दिया है। डिंपल तकरीबन 1.20 लाख वोटों से आगे चल रही हैं।
11:48 AM (IST) Dec 08
डिंपल यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव में बढ़त बरकरार रखी है। उन्हें 144750 वोट हासिल हुए हैं। जबकि रघुराज सिंह शाक्य को 73216 वोट हासिल हुए हैं। डिंपल यादव अभी 74949 वोटों से भाजपा प्रत्याशी रघुराज से आगे चल रही हैं।
11:47 AM (IST) Dec 08
रामपुर उपचुनाव में आसिम रजा की बढ़त लगातार बरकरार है। वह भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना से आगे चल रहे हैं। आकाश सक्सेना को 6903 वोट मिले हैं। जबकि आसिम रजा को अभी तक 13080 वोट हासिल हुए हैं। अभी तक हुई वोटों की गिनती में आसिम रजा 6177 वोटों से आगे चल रहे हैं।
10:57 AM (IST) Dec 08
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य अभी तक हुई मतगणना में डिंपल यादव से पीछे चल रहे है। वह अपने पैतृक गांव धौलपुर खेड़ा में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव से हार गए हैं। डिंपल यादव ने यहां भी अपनी बढ़त को बरकरार रखा है।
10:55 AM (IST) Dec 08
रामपुर में तीसरे राउंड तक हुई मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। सपा प्रत्याशी आसिम को 5767 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना को 2543 वोट मिले हैं। सपा 3224 वोटों से आगे चल रही है।
10:53 AM (IST) Dec 08
खतौली सीट पर तीसरे राउंड की मतगणना के बाद मदन भैया आगे चल रहे हैं। रालोद प्रत्याशी मदन भैया 4883 वोट से आगे चल रहे हैं। अभी तक हुई वोटों की गिनती के बाद मदन भैया को 11099 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी को 6216 वोट मिले हैं।
10:20 AM (IST) Dec 08
मैनपुरी में डिंपल यादव लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। डिंपल यादव ने 31 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं रामपुर से आसिम रजा ने भी बढ़त को बरकरार रखा है। वह तीन हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं।
10:17 AM (IST) Dec 08
खतौली में दूसरे राउंड की गिनती पूरी हो गई है। दूसरे राउंड में रालोद के मदन भैया को 4085 वोट मिले हैं। जबकि दूसरे राउंड में राजकुमारी सैनी को 1442 वोट मिले थे। दूसरे राउंड में मदन भैया 2643 वोट से आगे हैं।
09:40 AM (IST) Dec 08
मैनपुरी लोकसभा सीट पर वोटों की गिनती लगातार जारी है। इस बीच अभी तक डिंपल यादव 10717 वोटों से आगे चल रही हैं। दूसरे राउंड की गिनती के बाद यह 10 हजार 717 वोटों से बढ़त सामने आई है। पहले राउंड के बाद बढ़त का यह आंकड़ा 5803 वोटों का था।
09:29 AM (IST) Dec 08
रामपुर विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मो. आसिम रज़ा ने आकाश सक्सेन का पछाड़कर बढ़त बना ली है। फिलहाल अब रामपुर से आसिम रजा आगे चल रहे हैं।
09:21 AM (IST) Dec 08
खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना लगातार जारी है। इस बीच रालोद प्रत्याशी मदन भैया ने बढ़त बना ली है। यहां पहले भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी आगे चल रही थी। हालांकि रालोद प्रत्याशी मदन भैया ने तकरीबन 1300 वोटों से बढ़त बना ली है।
09:04 AM (IST) Dec 08
मैनपुरी सदर और जसवंत नगर से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव आगे चल रही है। जबकि रामपुर और खतौली में भाजपा उम्मीदवार को शुरुआती रुझानों में बढ़त मिलती हुई दिख रही है। जसवंतनगर से डिंपल 1600 वोटों से आगे हैं। जबकि खतौली से राजकुमारी सैनी आगे चल रही हैं।
08:34 AM (IST) Dec 08
रामपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में शुरुआती रुझान में बङा बदलाव देखने को मिला। यहां शुरुआत में भाजपा आगे चल रही है। दूसरे नंबर पर सपा चल रही है।
08:32 AM (IST) Dec 08
मैनपुरी उपचुनाव के शुरूआती रुझानों में डिंपल यादव आगे चल रही हैं। यहां भाजपा के प्रत्याशी रघुराज शाक्य उनके सामने हैं। भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर यहां पर देखने को मिलने वाली है।
07:56 AM (IST) Dec 08
निर्वाचन आयोग की ओर से तीनों सीटों पर निष्पक्ष, सुरक्षित औऱ शांतिपूर्ण मतगणना को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से इस दौरान चाक चौबंद रहेगी। तीनों सीटो में से रामपुर और मैनपुरी में सपा-भाजपा का सीधा मुकाबला है। जबकि खतौली में भाजपा और रालौद का मुकाबला है।
07:56 AM (IST) Dec 08
मैनपुरी में मतगणना को लेकर सुरक्षा के इंतजामों का अधिकारियों ने जायजा लिया। मतगणना स्थल मंडी परिसर के आसपास सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। बिना अनुमति किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। ट्रैफिक डायवर्जन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए है। परिसर के आसपास किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा।
07:55 AM (IST) Dec 08
एसपी कमलेश दीक्षित की ओर से जानकारी दी गई कि मैनपुरी में धारा 144 लागू कर दी गई है। मतगणना को लेकर फुलप्रूफ इंतजाम हैं। सुरक्षा त्रिस्तरीय है और मतगणना स्थल के आसपास लोगों की भीड़ को एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा।