फेमस शायर मुनव्वर राना की बेटियों के खिलाफ केस दर्ज, CAA का विरोध कर रही महिलाओं का किया था समर्थन

नागरिकता संशोधित कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता पंजी (एनआरसी) के खिलाफ पुराने लखनऊ के घंटाघर इलाके में प्रदर्शन कर रही मशहूर शायर मुनव्वर राना की दो बेटियों समेत करीब 160 महिलाओं के खिलाफ निषेधाज्ञा के उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
 

Asianet News Hindi | Published : Jan 21, 2020 9:39 AM IST / Updated: Jan 21 2020, 03:11 PM IST

लखनऊ (Uttar Pradesh). नागरिकता संशोधित कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता पंजी (एनआरसी) के खिलाफ पुराने लखनऊ के घंटाघर इलाके में प्रदर्शन कर रही मशहूर शायर मुनव्वर राना की दो बेटियों समेत करीब 160 महिलाओं के खिलाफ निषेधाज्ञा के उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज किया गया है।

5 दिन से धरने पर बैठी हैं महिलाएं
सीएए और एनआरसी के खिलाफ पुराने लखनऊ के घंटाघर इलाके में महिलाओं का गत शुक्रवार को शुरू हुआ प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी है। शहर में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू है और इसके उल्लंघन के आरोप में प्रदर्शन कर रही करीब 160 महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बता दें, दिल्ली के शाहीन बाग की तर्ज पर घंटाघर परिसर में सैकड़ों महिलाएं पिछले 5 दिन से कड़ाके की ठंड के बीच प्रदर्शन कर रही हैं। उनका कहना है कि सरकार जब तक सीएए को वापस नहीं लेती और एनआरसी का इरादा खत्म नहीं करती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

मुनव्वर राना की बेटियों के खिलाफ केस दर्ज
अपर पुलिस उपायुक्त—पश्चिमी विकास चंद्र त्रिपाठी ने मंगलवार को बताया, शहर में धारा 144 लागू है, मगर इसके बावजूद महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। यह निषेधाज्ञा का उल्लंघन है। इस मामले में ठाकुरगंज थाने में अब तक तीन मुकदमे दर्ज किये गये हैं। इनमें एक मुकदमे में शायर मुनव्वर राना की बेटियां फौजिया और सुमैया के नाम भी शामिल हैं।

यहां भी शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन
वहीं, लखनऊ के ही गोमतीनगर स्थित उजरियांव में भी सोमवार शाम बड़ी संख्या में महिलाओं और लड़कियों ने सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने उनसे धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए प्रदर्शन खत्म करने को कहा। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल पुरुषों को हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ दिया, लेकिन महिलाएं डटी रहीं।

इस कवि ने कहा कुछ ऐसा कि पूरी बात सुनने को मजबूर हो जाएंगे आप
 

Share this article
click me!