
लखनऊ( UTTAR PRADESH ). कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का जल्द ही लखनऊ में स्थाई ठिकाना होगा। वह अपने लिए लखनऊ में घर देख रही हैं। साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका यूपी में लम्बा समय देना चाहती हैं। यहां रहकर वह कांग्रेस पार्टी को में नई ऊर्जा का संचार करने के लिए नए व पुराने कार्यकर्ताओं को एक्टिव करेंगी। वह लखनऊ में रहकर ही पार्टी की गतिविधियों में हिस्सा लेना चाहती हैं।
गौरतलब है कि बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव को पूर्वी यूपी की कमान सौंपी गयी थी। उन्होंने पूर्वी यूपी में ताबड़तोड़ रैलियां कर लोगों की काफी भीड़ बटोरी थी। हांलाकि वह उसे वोट में कन्वर्ट नहीं कर सकी नतीजन कांग्रेस ने अपनी परम्परागत सीट अमेठी भी गंवा दी। वहां से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को चुनाव में हरा दिया था। पिछले चुनाव में हुई गलतियों को सुधारने और कार्यकर्ताओं में नई जान डालने के लिए प्रियंका ने लखनऊ में रहने का मन बना लिया है।
पिछले दौरे पर प्रियंका ने देखे दो घर
पिछले सप्ताह गांधी जयंती पर लखनऊ पहुंची प्रियंका गांधी ने लखनऊ के गोमती नगर और पराग नारायण रोड पर दो घर भी देखे हैं। इनमें से एक घर कांग्रेस से पूर्व सांसद शीला कौल का है। यह घर उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कर्मचारियों के लिए बनाई गई कॉलोनी में है। हांलाकि अभी प्रियंका गांधी ने किसी घर को फ़ाइनल नहीं किया है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांचा जा रहा घर
प्रियंका गांधी को एसपीजी सुरक्षा प्राप्त है। ऐसे में उनके द्वारा देखे गए दोनों ही घरों को सुरक्षा के लिहाज से जांचा जा रहा है। एसपीजी हर तरीके से दोनों घरों को जांच कर पहले सुरक्षा सुनिश्चित करेगी फिर ही इनमें से किसी घर में प्रियंका के रहने को लेकर निर्णय किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।