
हरदोई: सावन का महीना कुछ दिनों में समाप्त हो जाएगा। सावन के आखिरी सोमवार समेत पूरे महीने में भक्तों ने भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए पूजा अर्चना में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस पावन महीने में देशभर में भक्त, भगवान शिव की पूजा आराधना में लीन हैं। लोगों ने भोलेनाथ की भक्ति खूब की ताकि उनको प्रसन्न किया जा सके। शिव की भक्ति का ऐसा ही अनोखा दृश्य यूपी के हरदोई के जिला कारगार में देखने को भी मिला है। यहां सावन के अंतिम सोमवार पर बड़े ही धूमधाम के साथ रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ। जेल अधीक्षक की मौजूदगी में जेल परिसर में भगवान शिव की प्रतिमा को सजाया गया और उनकी पूजा आराधना की।
कैदियों ने भगवान शिव की आराधना में प्रस्तुत किया भजन
जेल अधीक्षक उदय प्रताप मिश्र की मौजूदगी में परिसर के अंदर भगवान शिव की पूजा आराधना की गई। इस दौरान जेल में कैद कैदी भी शिव भक्ति में डूबे नजर आए। सावन के अंतिम सोमवार पर जिला कारागार में भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। पूजा-पाठ की संपूर्ण व्यवस्था जेल में की गई और वैदिक रीति रिवाज के साथ पण्डित ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया। जेल अधीक्षक उदय प्रताप ने खुद हवन-पूजन किया। इतना ही नहीं जेल में बन्द पुरुष और महिला बंदियों के साथ-साथ सारे स्टाफ को भगवान शिव का जल, पुष्प, फूल-मालाएं और दूध प्रसाद के रूप में दिया गया। इस पावन अवसर पर जेल में बन्द कैदियों ने भगवान शिव की आराधना में भजन भी प्रस्तुत किए। भगवान भोलेनाथ के भजनों के दौरान पूरे कारागार परिसर का माहौल भक्तिमय हो गया था।
सावन के महीने में रुद्राभिषेक का है विशेष महत्व
गौरतलब है कि सावन भगवान महादेव का प्रिय महीना माना जाता है। सनातन धर्म में मान्यता है कि इस महीने में भगवान शिव की भक्ति करने से भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों की मनोकामना को पूर्ण करते हैं। इतना ही नहीं इस महीने में रुद्राभिषेक का भी विशेष महत्व होता है। इसी कारणवश सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ लोग अपने घरों में रुद्राभिषेक करते हैं। भगवान को कावड़ में जल लाकर चढ़ाने के साथ-साथ रुद्राभिषेक कर उन्हें प्रसन्न करने का प्रयास करते हैं। सावन के हर सोमवार में शिवालयों में भारी मात्रा में भीड़ देखने को मिली है। लोग भगवान भोलेनाथ की भक्ति में पूरी तरह से डूबे नजर आए।
वाराणसी: पेपर में शादी का विज्ञापन देख लड़की के पिता ने लगाया फोन, इस प्रकार हो गए ठगी के शिकार
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।