
नोएडा: खुद को भाजपा का सदस्य बताने वाले श्रीकांत त्यागी के खिलाफ महिला को धमकी देने और गाली-गलौज का मामला दर्ज हुआ है। यह पूरी घटना नोएडा की ओमैक्स सोसाइटी से सामने आई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ है। वहीं इस बीच बीजेपी की ओर से मामले में पल्ला झाड़ते हुए कहा गया कि श्रीकांत त्यागी बीजेपी का सदस्य नहीं है। इस प्रकरण को लेकर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
पहले भी चर्चाओं में रह चुका है श्रीकांत त्यागी
आपको बता दें कि इससे पहले भी श्रीकांत त्यागी चर्चाओं में रह चुका है। फरवरी 2020 में उसको पत्नी ने अन्य महिला के साथ किराए के फ्लैट से पकड़ा था। श्रीकांत त्यागी को गोमतीनगर स्थित ग्रीनवुड्स अपार्टमेंट में महिला के साथ पकड़ा गया था। महिला को जब श्रीकांत के अन्य महिला के साथ अवैध संबंध के बारे में जानकारी मिली तो वह उसका पीछा करते हुए फ्लैट तक पहुंची। वहां पर श्रीकांत उसी दूसरी महिला के साथ मौजूद था। इसके बाद मामले में दोनों महिलाओं के बीच मारपीट हुई थी और मुकदमा भी दर्ज करवाया गया था।
आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही पुलिस
सामने आए महिला के साथ बदसलूकी के मामले के बाद पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इस प्रकरण में पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में ले लिया है। हालांकि अभी तक श्रीकांत त्यागी अभी भी फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार धरपकड़ जारी है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। आयोग की ओर से पुलिस महानिदेशक को पत्र लिख आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में अग्रिम कार्रवाई की मांग की गई है। इसी के साथ पीड़ित महिला को सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए भी कहा गया है। मामले में विपक्षी नेता भी लगातार बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।