
बहराइच. कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग में बुधवार सुबह शौच करने गए किसान के ऊपर अचानक तेंदुए ने हमला बोल दिया। किसान बिना डरे अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया। लगभग पांच मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष होने के बाद ग्रामीणों के आने की आहट सुन तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर बताई जाती है।
नैनिहा के खड़िया गांव निवासी रामकेवल (65) शौच के लिए गए थे। दावा है कि, इसी दौरान जंगल से निकले तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए किसान तेंदुए से भिड़ गया। संघर्ष करते हुए शोर मचाना शुरू किया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण हांका लगाने लगे। इसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
तेंदुए के हमले में किसान के गले पर गंभीर जख्म आए हैं। घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। काफी देर बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे। डीएफओ जीपी सिंह ने बताया कि टीम मौके पर गई थी। आसपास तेंदुए के पगचिह्न नहीं मिले है। जांच की जा रही है। जंगल से सटे गांवों में बाघ और तेंदुए के दहशत से लोग खेतों में नहीं जा पा रहे हैं। बच्चे घरों में कैद होकर रह गए हैं। वन विभाग तेंदुए के हमले को नहीं रोक पा रहा है। आए दिन बाघ व तेंदुए आबादी में घुसकर हमला बोल रहे हैं। वन विभाग के पास जागरूकता के अलावा हमले रोकने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं हैं।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।