प्रियंका गांधी महिला ब्रिगेड के सहारे जीतेंगी यूपी? 40% टिकट महिलाओं को देने का ऐलान..बनाया ऐसा प्लान

Published : Oct 19, 2021, 12:45 PM ISTUpdated : Oct 19, 2021, 03:29 PM IST
प्रियंका गांधी महिला ब्रिगेड के सहारे जीतेंगी यूपी? 40% टिकट महिलाओं को देने का ऐलान..बनाया ऐसा प्लान

सार

कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) सोमवार रात लखनऊ पहुंचीं। वे एयरपोर्ट से सीधे गोखले मार्ग स्थित पूर्व राज्यपाल शीला कौल के घर पहुंचीं। यहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। मंगलवार को उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़े ऐलान किए। उन्होंने ये भी कहा कि मैंने चुनाव लड़ने के लिए अभी निर्णय नहीं लिया है। आगे सोचूंगी।

लखनऊ। यूपी में विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election) से पहले कांग्रेस ने बड़ा दांव चला है। यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने मंगलवार को लखनऊ में एक प्रेस वार्ता में ऐलान किया है कि अगले चुनाव में कांग्रेस 40% टिकट महिलाओं को देगी। यानी यूपी की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 161 पर कांग्रेस महिला प्रत्याशी उतारेगी। प्रियंका ने कहा कि यूपी में महिलाओं को आगे बढ़ाना है। यहां महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी तो राष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा- मेरा महिलाओं से आग्रह है कि राजनीति में आओ, मुझसे कंधे से कंधा मिलाओ। उन्होंने ये भी कहा कि मैंने चुनाव लड़ने के लिए अभी निर्णय नहीं लिया है। आगे सोचूंगी।

प्रियंका ने कहा कि यह फैसला तमाम पीड़ित महिलाओं के साथ न्याय करेगा। यह फैसला उन सभी महिलाओं के लिए है, जो चाहती हैं कि उत्तर प्रदेश में बदलाव आए, प्रदेश आगे बढ़े। उन्होंने नया नारा भी दिया- ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं।’ प्रियंका ने कहा- जब मैं 2019 के चुनाव में यूपी आई थी तो प्रयागराज में यूनिवर्सिटी की कुछ लड़कियां मुझसे मिलीं। उन्होंने बताया कि यहां लड़कों और लड़कियों के लिए अलग नियम हैं। इसके बाद हमने यह फैसला किया है। यह फैसला उन्नाव की उस लड़की के लिए है, जिसे जलाकर मारा गया। यह फैसला हाथरस की उस लड़की के लिए है, जिसे न्याय नहीं मिला।

तो असरदार नेताओं की बीवियों को मिलेंगे टिकट?
प्रियंका ने परिवारवाद का भी समर्थन किया। जब उनसे सवाल पूछा गया कि कांग्रेस ने 40% महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया है, लेकिन सभी असरदार नेता अपने परिवार की महिलाओं को ही टिकट दिलाने के लिए लॉबिंग करेंगे। इस पर प्रियंका ने कहा कि इसमें कोई हर्ज नहीं है। कहा- महिलाओं को मेरिट के आधार पर टिकट दिया जाएगा।

 

जल्द ही 50-60 सीटों के टिकट घोषित कर सकती है कांग्रेस
प्रियंका ने विधानसभा चुनाव को लेकर दिए जाने वाले टिकट में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण की घोषणा कर बड़ा दांव चला है। पार्टी एक-दो दिन में 50 से 60 सीटों पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकती है। इसके साथ ही कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को लेकर भी कार्यक्रम जारी किया जा सकता है। 

प्रियंका के आक्रामक तेवरों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चेहरे खिले
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) यूपी में दो साल से लगातार एक्टिव हैं। उन्होंने लखीमपुर खीरी हिंसा (Lakhimpur Khiri Voilence) मामले में आक्रामक तेवर दिखाकर पार्टी कार्यकर्ताओं के चेहरे खिला दिए। प्रियंका एक बार फिर लखनऊ पहुंच गई हैं। यहां दोपहर 1 बजे प्रदेश कार्यालय में चुनावी रणनीति को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

ट्वीट किया- यूपी में किसानों को NSA लगाने की धमकी देती है सरकार
इससे पहले प्रियंका ने योगी सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने ट्वीट किया- बीजेपी सरकार किसानों पर NSA (नेशनल सिक्योरिटी ऐक्ट) लगाएगी और धमकाएगी, लेकिन किसानों को MSP नहीं देगी। यूपी के कई जिलों में किसान 900-1000 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान उठाकर धान बेचने को मजबूर हैं। यह अन्याय है। MSP किसानों का हक है। कांग्रेस पूरी मजबूती से उनके इस हक के लिए लड़ेगी। बता दें कि सोमवार को लखीमपुर हिंसा मामले में केंद्रीय मंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर किसानों ने रेल रोको आंदोलन किया था। इस पर यूपी के ADG प्रशांत कुमार ने कहा था कि यदि किसी ने कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई होगी। NSA भी लगाया जाएगा।

यूपी में दो सीटों पर चुनाव लड़ सकती हैं प्रियंका
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी खुद चुनाव लड़ने जा रही हैं। वे दो इलाकों से चुनाव लड़ सकती हैं। इनमें एक सीट वाराणसी की हो सकती है। जबकि पश्चिमी इलाके में दूसरी सीट पर संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसके अलावा, प्रियंका ने शीला कौल के लखनऊ स्थित बंगले को वॉर-रूम में बदला जा रहा है। यहां से वे चुनावी रणनीति का संचालन करेंगी। यह भी संकेत दे दिए हैं कि प्रियंका का स्टाफ दिल्ली से लखनऊ शिफ्ट किया जा रहा है। बताया जाता है कि 14 नवंबर को विधिवत रूप से कौल निवास को कांग्रेस चुनाव मुख्यालय घोषित कर दिया जाएगा। 

प्रदेश कार्यालय में महिलाओं से संवाद
कांग्रेस कार्यालय पर आज प्रदेश के सभी जिलों से महिला कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। प्रियंका अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले इन महिलाओं से संवाद करेंगी। इसके तुरंत बाद प्रेस कॉन्ंफ्रेस होगी जिसमें चुनाव को लेकर महिलाओं से जुड़ी बड़ी घोषणा होगी। कांग्रेस के नेता भी कह रहे हैं कि प्रियंका गांधी खुद एक महिला हैं और महिला सशक्तिकरण की असल मायनों में बात करती हैं। इसकी झलक चुनाव में भी दिखेगी।

प्रियंका ने जुलाई में लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी
प्रियंका लंबे समय बाद लखनऊ में औपचारिक रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। इससे पहले उन्होंने जुलाई में लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

योगी सरकार का बड़ा ऐलान, अब बाबा साहेब की प्रतिमा को मिलेगी फुल सिक्योरिटी
IndiGo flights : कभी गु्स्सा तो कभी आंसू, वाराणसी में बुजुर्ग यात्रियों का दर्द