UP Exit Poll 2022 : अब तक 7 एग्जिट पोल, सभी में BJP को बहुमत, यूपी में एक बार फिर योगी सरकार!

उत्तर प्रदेश (UP Assembly Election 2022) में सोमवार यानी 7 मार्च को आखिरी चरण का मतदान पूरा हो चुका है। इसी के साथ ही पांचों राज्यों यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में वोटिंग प्रक्रिया भी खत्म हो चुकी है। इसी बीच अब तक हुए 7 एग्जिट पोल के मुताबिक, यूपी में एक बार फिर बीजेपी सरकार बनती दिख रही है।

Asianet News Hindi | Published : Mar 7, 2022 12:40 PM IST / Updated: Mar 07 2022, 09:23 PM IST

UP Exit Poll 2022 : उत्तर प्रदेश (UP Assembly Election 2022) में सोमवार यानी 7 मार्च को आखिरी चरण का मतदान पूरा हो चुका है। इसी के साथ ही पांचों राज्यों यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में वोटिंग प्रक्रिया भी खत्म हो चुकी है। वोटिंग के बाद अब रिपब्लिक टीवी के साथ ही अन्य एग्जिट पोल में भी यूपी में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। रिपब्लिक टीवी के सर्वे के मुताबिक, योगी के नेतृत्व वाली सरकार को 262-277 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं सपा को 119-134, कांग्रेस को 3-8 और अन्य को 2-6 सीटें मिलने का अनुमान है। हालांकि, एग्जिट पोल के ये अनुमान कितने सटीक होंगे, ये तो 10 मार्च को चुनाव नतीजे आने के बाद ही पता चलेगा।

इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया का सर्वे : 

- यूपी में पहले चरण की 58 सीटों में से 49 सीटें बीजेपी को मिलती दिख रही हैं। वहीं सपा गठबंधन को 8, बीएसपी को 1, कांग्रेस और अन्य के खाते में एक भी सीट जाती नहीं दिख रही है। 
- दूसरे चरण की 55 सीटों में से बीजेपी को 32 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं सपा गठबंधन को 22 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बसपा को 1 सीट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस का खाता दूसरे चरण में भी खुलता नहीं दिख रहा है। 
- तीसरे चरण की 59 सीटों में से बीजेपी को 48 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं सपा गठबंधन को 11 सीटें व बसपा और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलता दिख रहा है।  
- चौथे चरण में 59 में से बीजेपी को 55 सीटें, सपा गठबंधन को 3 सीटें, बीएसपी को 1 सीट और कांग्रेस का यहां भी खाता खुलता नहीं दिख रहा है। 
- पांचवे चरण की 61 सीटों में से 44 सीटें बीजेपी को, सपा गठबंधन को 14 सीटें, कांग्रेस को 1 और बीएसपी को 2 सीटें मिलती दिखी रही हैं।
- छठे चरण की 57 सीटों में से बीजेपी को 43 सीटें, सपा गठबंधन को 10 सीटें, बसपा को 3 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस को 1 सीट मिल सकती है। 
- सातवें चरण की 54 सीटों में बीजेपी गठबंधन को 36 सीटें, सपा गठबंधन को 18, बीएसपी और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलने का अनुमान है।

2017 में बीजेपी को 312 तो सपा को मिली 47 सीटें : 
यूपी में 403 विधानसभा सीटें हैं। 2017 के चुनाव नतीजों पर नजर डालें तो बीजेपी ने 312, समाजवादी पार्टी ने 47, बसपा ने 19, अपना दल ने 9, कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, 3 सीटों पर निर्दलीय और 6 सीटों पर अन्य पार्टियों को जीत मिली थी।  

यूपी की 403 सीटों पर कुल 4442 उम्मीदवार : 
बता दें कि उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर कुल 4442 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से करीब 26% यानी 1142 उम्मीदवार दागी हैं। उत्तर प्रदेश में कुल 7 चरणों में वोटिंग हुई। पहले चरण के लिए 10 फरवरी, दूसरे चरण के लिए 14 फरवरी, तीसरे चरण के लिए 20 फरवरी, चौथे चरण के लिए 24 फरवरी, 5वें चरण के लिए 27 फरवरी, 6वें चरण के लिए 3 मार्च, 7वें चरण के लिए 7 मार्च को वोट डाले गए। चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। 

2017 में कितने सटीक थे एग्जिट पोल : 
2017 में जब यूपी में चुनाव हुए थे, तब एग्जिट पोल क्‍या बता रहे थे और नतीजे क्‍या रहे थे, डालते हैं उस पर एक नजर। बता दें कि 2017 के एग्जिट पोल में सबसे सटीक अनुमान टुडेज चाणक्य का था। टुडेज चाणक्य ने बीजेपी को 285 सीटें मिलने का दावा किया था और नतीजे आने के बाद बीजेपी को 312 सीटें मिली थीं, जोकि दूसरे एग्जिट पोल की तुलना में सबसे सटीक थी। 

क्या होता है एग्जिट पोल : 
एग्जिट पोल एक तरह का चुनावी सर्वे होता है। चुनाव के बाद जब मतदाता पोलिंग बूथ से बाहर आता है तो वहां अलग-अलग सर्वे एजेंसी और न्यूज चैनल के लोग मौजूद होते हैं। ये मतदाता से वोटिंग और उम्मीदवार को लेकर सवाल पूछते हैं। इस तरह हर विधानसभा के अलग-अलग पोलिंग बूथ से वोटर्स से सवाल पूछा जाता है। बाद में इन सवालों के जवाब को इकट्ठा करके उनके उत्तर के हिसाब से अंदाजा लगाया जाता है कि जनता का मूड आखिर किसकी तरफ है। बाद में आंकड़ों का विश्लेषण कर ये पता किया जाता है कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिलने की उम्मीद है। बता दें कि एग्जिट पोल मतदान खत्म होने के बाद ही दिखाया जा सकता है। 

यहां देखें किस राज्य में बन रही किसकी सरकार :
Punjab Exit Poll 2022 LIVE: सभी सर्वे रिपोर्ट में आप को बहुमत का अनुमान, विपक्ष में अकाली और कांग्रेस में जंग

Uttarakhand Exit Poll 2022: सत्ता में BJP की वापसी, राज्य में पहली बार बनेगा रिकॉर्ड, कांग्रेस पिछड़ी

Goa Exit Poll 2022 LIVE : एग्जिट पोल में किसी को नहीं मिला पूर्ण बहुमत, टीएमसी गठबंधन बन सकती है किंगमेकर

Manipur exit poll 2022 : एग्जिट पोल में खिल रहा कमल, देखें कितने पीछे छूटी कांग्रेस, अन्य का खाता भी कम नहीं

 

Share this article
click me!