
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मी तेज हैं। समाजवादी पार्टी की लखनऊ की उत्तर विधानसभा से प्रत्याशी पूजा शुक्ला इस बार की सबसे युवा उम्मीदवार हैं। पूजा शुक्ला को समाजवादी पार्टी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा की सीट पर प्रत्याशी बनाया है। अभिषेक मिश्रा को इस बार सरोजनीनगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।
भूख हड़ताल के बाद मिला विवि में प्रवेश
पूजा शुक्ला उस दौरान चर्चाओं में आई थीं जब 2017 में उन्होंने सीएम योगी के काफिले को काले झंडे दिखाए थे। उसके बाद पूजा को 26 दिन तक जेल में रहना पड़ा था। घटना के बाद उन्हें लखनऊ विश्वविद्यालय ने एडमिशन देने से मना कर दिया। पूजा ने जब भूख हड़ताल की तो उन्हें एडमिशन मिला। पूजा बताती हैं कि उनका आंदोलन 2017 से नहीं उसके पहले से चल रहा है। वह समय-समय पर आवाज उठाती रही हैं।
CAA-NRC के खिलाफ किया था प्रदर्शन
पूजा शुक्ला ने CAA-NRC के खिलाफ भी प्रदर्शन भी किया था। लखनऊ के घंटाघर में जिस दौरान CAA और NRC के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहा था तो पूजा भी मुस्लिम महिलाओं के बीच रहीं। उस दौरान भी पूजा और उनके साथियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था।
सामान्य परिवार से रखती हैं ताल्लुक
पूजा शुक्ला एक सामान्य परिवार से ही ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं जबकि मां हाउस वाइफ हैं। पूजा की एक छोटी बहन भी है जो अभी पढ़ाई कर रही है।
युवा ही नहीं बुजुर्गों में भी पैठ
लखनऊ विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाली पूजा शुक्ला तकरीबन तीन सालों से सक्रिय सियासत में हैं। उन्होंने वामपंथी संगठन आइसा से छात्र नेता के तौर पर सियासी शुरुआत की थी। बाद में उनका झुकाव पार्टी की तरफ हो गया। वह युवाओं के साथ ही महिलाओं और बुजुर्गों के बीच भी काम करती हैं।
उत्तर विधानसभा सीट पर एक नजर
लखनऊ की उत्तर विधानसभा सीट पर अनुमानित 3.36 लाख मतदाता है। यहां से मौजूदा समय में भाजपा से डॉ नीरज बोरा विधायक हैं। भाजपा ने 2022 के चुनाव में भी उन्हें उम्मीदवार बनाया है।
रुद्राक्ष माला के सोने से महंगा है सीएम योगी के कान का कुण्डल, रिवाल्वर और राईफल भी हैं मौजूद
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।