पंचायत चुनाव में कई दिग्गजों के बेटा-बेटी हारे,मुलायम सिंह की भतीजी नहीं जीत सकीं..जेठानी ने देवरानी को हराया

मैनपुरी में भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरीं सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हार गई हैं। वह सैफई के परिवार से विद्रोह कर भाजपा में शामिल हुई थीं। संध्या यादव बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद रहे सांसद धर्मेंद्र यादव की बहन हैं। 

Asianet News Hindi | Published : May 3, 2021 9:18 AM IST / Updated: May 03 2021, 04:52 PM IST

लखनऊ (Uttar Pradesh) । यूपी में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना सोमवार को पूरी हो गई। इसमें जिला पंचायत के 3,051 पदों पर सभी प्रमुख दलों की प्रतिष्ठा दांव पर थी। ऐसे में हम आपको प्रदेश के वीवीआईपी सीट पर हुए जीत-हार की जानकारी दे रहे हैं। 

एक्ट्रेस दीक्षा सिंह को मिली करारी हार
छह साल पहले फेमिना मिस इंडिया की रनर रहीं एक्ट्रेस दीक्षा सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जौनपुर के वार्ड संख्या 26 बक्शा से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही थी। लेकिन, केवल 2000 मत मिले। जबकि श्रीमती नगीना सिंह को 7000 से ज्यादा वोट मिले हैं। दूसरे स्थान पर संजू यादव करीब 5000 वोट हैं। 

बाहुबली पूर्व सांसद की पत्नी ने जिला पंचायत अध्यक्ष की पत्नी को हराया
जौनपुर में जिला पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर-45 से पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह ने बड़े अंतर से चुनाव जीत लिया है।  जिला पंचायत अध्यक्ष पद की दावेदार मानी जा रहीं श्रीकला ने निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव की पत्नी राजकुमारी देवी को हराया है। उन्हें कुल 14827 मत प्राप्त हुए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजकुमारी देवी 3524 ही मत प्राप्त कर सकीं। श्रीकला को 11293 रिकार्ड मतों से जीत मिली है। 

संजीव बालियान के चचेरे भाई बने जिला पंचायत सदस्‍य 
मुजफ्फरनगर में वार्ड नंबर 18 से निर्दलीय उम्‍मीदवार सत्‍येंद्र बालियान को जीत मिली है। वे केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के चचेरे भाई हैं। 

रामगोविंद चौधरी के बेटे को मिली हार
बलिया में जिला पंचायत वार्ड 16 से चुनाव लड़ रहे नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के बेटे रणजीत चौधरी (सपा समर्थित) चुनाव हार गए हैं। उन्हें बसपा समर्थित प्रत्याशी गुड्डू मलिक ने हराया है। रणजीत को तीसरा स्थान मिला है। 

पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के बेटे को मिली जीत
गड़वार वार्ड 45 से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए बसपा समर्थित प्रत्याशी व पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के पुत्र आनंद चौधरी ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी नथुनी सिंह को चार हजार वोटों से हरा दिया है।

मुलायम की भतीरी चुनाव हारी
मैनपुरी में जिला पंचायत के वार्ड 18 से भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरीं सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की भतीजी संध्या यादव जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हार गई हैं। वह सैफई के परिवार से विद्रोह कर भाजपा में शामिल हुई थीं। संध्या यादव बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद रहे सांसद धर्मेंद्र यादव की बहन हैं। सपा प्रत्याशी प्रमोद कुमार ने संध्या यादव को 1907 वोटों के अंतर से पराजित किया है। 

अखिलेश यादव के करीबी को मिली हार
मैनपुरी में सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बेहद करीबी सदर विधायक राजकुमार यादव राजू की पत्नी वंदना यादव जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव हार गई हैं।  वंदना यादव वार्ड 28 से सपा से समर्थित प्रत्याशी थीं। उनको समाजवादी पार्टी के बागी प्रत्याशी जर्मन यादव ने पराजित किया है। 

हाथरस में देवरानी पर भारी पड़ गई जेठानी
बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय ने अपनी सगी देवरानी और भाजपा समर्थित ऋतु उपाध्याय को वार्ड नम्बर 12 से पराजित किया। यहां सीमा उपाध्याय को 12022 वोट मिले तो दूसरे नम्बर पर निर्दलीय प्रत्याशी क्षमा शर्मा 5394 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी मधु चौधरी 4532 वोट के साथ तीसरे और भाजपा समर्थित ऋतु उपाध्याय ने 2309 मत के साथ चौथे स्थान पर रहीं। हाथरस में रामवीर के छोटे भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय और उनकी पत्नी चुनाव हार गईं हैं।

यूपी पंचायत चुनाव रिजल्ट: IG की पत्नी बनी प्रधान, जज की पत्नी बनी बीडीसी सदस्य...

यूपी पंचायत चुनावः दुल्हन जीतीं तो रोक दी शादी, मंडप से उठकर जीत का सर्टिफिकेट लेने पहुंची...

नहीं चला इस एक्ट्रेस का जलवा: UP पंचायत चुनाव में मिली हार, PM को आदर्श बता गांव-गांव में मांगी थी वोट

बिकरू गांव में विकास दुबे का खौफ खत्म, 25 साल बाद लोगों ने चुना अपना प्रधान

 

 

 

Share this article
click me!