UP Election 2022: संजय सिंह को मिली जान से मारने की धमकी, बोले- 'जला दो या मार दो, मुद्दों को उठाता रहूंगा'

घटना के बाद सांसद संजय सिंह ने तुरन्त ही सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जानकारी दी। हालांकि, संजय सिंह की तहरीर पर लखनऊ के गोमतीनगर थाने में मामले की एफआईआर दर्ज कर ली गयी है। 

Pankaj Kumar | Published : Nov 27, 2021 4:09 AM IST / Updated: Nov 27 2021, 09:42 AM IST

लखनऊ: आम आदमी पार्टी(Aam aadmi party) के राज्यसभा सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह(Sanjay Singh) को जान से मारने की धमकी देने का नया मामला सामने आया है। जहाँ शुक्रवार को शाम को आप सांसद संजय सिंह को किसी ने जान से मारने की धमकी दी  है। घटना के बाद सांसद संजय सिंह ने तुरन्त ही सोशल मीडिया(social media)  के जरिए लोगों को जानकारी दी। हालांकि, संजय सिंह की तहरीर पर लखनऊ के गोमतीनगर थाने(gomti nagar thana)  में मामले की एफआईआर दर्ज कर ली गयी है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर छानबीन में जुटी हुई है।

ट्वीट करते हुए दी घटना की जानकारी, कहा- 'मुझे फिर गोली मारने की धमकी मिली'
शुक्रवार देर रात 8: 12 मिनट पर राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने ट्वीट किया कि मुझे फिर गोली मारने की धमकी मिली। शायद कुछ लोग मुझे जान से मारना चाहते हैं। कोई बात नहीं लेकिन मैं उन कायर गुंडों को बताना चाहता हूं कि जुर्म और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना बंद नहीं करूंगा। लखनऊ पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करे।  उन्होंने कहा कि ‘ऐसी धमकियां पहले भी मिल चुकी हैं। इन बंदर घुड़कियों से डरने वाला नहीं। जला दो, या मार दो, जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाता रहूंगा'। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे कायरतापूर्ण हरकत करार दिया है। उन्होंने कहा, कि ऐसा दुःसाहस करने वाले  पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करे।

 

दर्ज हुई एफआईआर, छानबीन में जुटी पुलिस 
 घटना सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के  कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने यूपी पुलिस से घटना पर कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही संजय सिंह की तहरीर पर गोमतीनगर थाने में एफआइआर दर्ज कर ली गई है। एसीपी गोमतीनगर स्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि सांसद संजय सिंह की तहरीर पर मोबाइल धारक के खिलाफ जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज की धारा में एफआइआर दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

24 नवम्बर को आई थी धमकी
आपको बताते चलें कि आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्य सभा सदस्य संजय सिंह को एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। संजय सिंह अपना मोबाइल नंबर अपने साथी अजीत त्यागी के नंबर पर डायवर्ट रखते हैं। उसी नंबर पर बीते 24 नवंबर को रात करीब साढ़े नौ बजे एक व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 9772277354 से फोन किया और गोली मारकर जान लेने की धमकी दी।

Share this article
click me!