BJP के संकल्प पत्र से बदलेगा चुनाव का रुख? पार्टी बोली- इसमें सबका साथ सबका विकास

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी लोक कल्याण संकल्प पत्र को लेकर भाजपा ने सभी वर्गों के लोगों को अपने घोषणा पत्र से खुश करने की तैयारी के साथ तैयार किया हैं। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी ने सबके साथ सबके विकास की बात की हैं। 

Asianet News Hindi | Published : Feb 10, 2022 10:37 AM IST

अनुज तिवारी

वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव (UP Vidhansabha Election) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा जारी लोक कल्याण संकल्प पत्र को लेकर भाजपा ने सभी वर्गों के लोगों को अपने घोषणा पत्र से खुश करने की तैयारी के साथ तैयार किया हैं। जिस पर वाराणसी बीजेपी के पदाधिकारियों ने पूरी घोषणा पत्र पर अपनी बात रखी हैं। 

विधानसभा चुनाव नहीं प्रदेश के विकास का है चुनाव 
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि यह चुनाव केवल विधानसभा का चुनाव नहीं बल्कि प्रदेश के विकास का चुनाव है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव प्रदेश के जनता-जनार्दन के भविष्य का चुनाव है। उत्तर प्रदेश की जनता ने 2014 से जातिवाद, वंशवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति को तिलांजलि देकर विकास को अपनाया है। उसका परिणाम रहा कि 2014, 2017 और 2019 लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को भारी जनसमर्थन प्राप्त हुआ है। 

दूसरी तरफ सपा (Samajwadi Party), बसपा (BSP), कांग्रेस (Congress) अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के चुनाव लड़ रही हैं। वो आगे कहते है कि उत्तर प्रदेश को नंबर-1 प्रदेश बनाने के लिए हम निरंतर विकास का संकल्प लेकर आए हैं। लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 प्रदेश की जनता के लिए हमारा अगले पांच वर्षों के विकास का रोडमैप (विजन) है। उत्तर प्रदेश की जनता हमारे विकास के विजन को ध्यान में रखते हुए एक बार पुन: 300 से ज्यादा सीटों पर हमें विजय दिलाकर फिर से योगी और मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनाएगी।

महिलाओं के लिए किये जायेंगे कार्य 
क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव ने कहा कि इस घोषणापत्र में महिलाओं के लिए अनेक घोषणाएं की गई हैं। कॉलेज जाने वाली हर महिला को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। उज्जवला के सभी लाभार्थियों को होली और दीपावली में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे। कन्या सुमंगला योजना को 15 हजार से बढ़ाकर ₹25000 किया जाएगा। गरीब परिवार की बेटियों के विवाह के लिए 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। मिशन पिंक टॉयलेट के लिए 1000 करोड़ का प्रावधान किया जाएगा। हर विधवा और निराश्रित महिला को 1500 रुपये प्रति माह की पेंशन दी जाएगी। 3 नई महिला बटालियन का गठन किया जाएगा। 

सभी सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे और 3000 पिंक पुलिस बूथ बनाए जाएंगे। 5 हजार करोड़ की लागत से अवन्ति बाई लोधी स्वयं सहायता समूह मिशन की शुरुआत की जाएगी। यूपीपीएससी समेत सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं की संख्या दोगुनी की जाएगी। एक करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 1 लाख रुपये तक का न्यूनतम दर पर लोन दिया जाएगा। 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की जाएगी। महिला एथलिटों को 5 लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव ने कहा कि संकल्प पत्र में किसानों को ध्यान में रखकर अनेक प्रावधान किए गए हैं। जिसमें किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी। 5 हजार करोड़ की लागत से कृषि सिंचाई योजना की शुरुआत की जाएगी। 25 हजार करोड़ की लागत से सरदार पटेल एग्री-इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन की शुरुआत की जाएगी। आलू, टमाटर, प्याज जैसी सभी फसलों का न्यूनतम मूल्य देने के लिए 1000 करोड़ का प्रावधान किया जाएगा। गन्ना किसानों को 14 दिन के अंदर भुगतान, देरी होने पर ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा। उन्होनें कहा कि निषाद राज बोट सब्सिडी योजना का उल्लेख भी इस घोषणा पत्र में किया गया है।

युवाओं का रखा गया है ध्यान 
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने संकल्प पत्र में युवाओं का भी ध्यान रखा गया है। युवाओं को 10 लाख रोजगार और स्वरोजगार के मौके दिए जाएंगे। छात्रों को दो करोड़ टेबलेट या स्मार्टफोन बांटे जाएंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए छात्रों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। हर परिवार में कम से कम एक रोजगार और स्वरोजगार का अवसर देंगे। सभी विभागीय रिक्तियां भरने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में जिम व खेल मैदान बनाए जाएंगे। हर मंडल में एक यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी। जिसमें अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी, आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव यूनिवर्सिटी, सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी यूनिवर्सिटी, लखनऊ में यूपी इंस्टीट्यूट ऑफ पुलिस एंड फॉरेसिंक साइंस, अयोध्या में आयुष शैक्षणिक संस्थान, गोरखपुर में गुरु गोरक्षनाथ आयुष यूनिवर्सिटी, प्रयागराज में डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी और मेरठ में मेजर ध्यान चंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी।

एंटी करप्शन ऑर्गनाइजेशन यूनिट की स्थापना
भाजपा क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि इस लोक कल्याण संकल्प पत्र में स्वास्थ्य के लिए भी विशेष व्यवस्था दी गई है। प्रत्येक जिले में डायलिसिस केंद्र बनाए जाएंगे। एमबीबीएस की सीटों को दोगुना किया जाएगा। 6000 डॉक्टरों 10000 पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। सभी निर्माण श्रमिकों को मुक्त जीवन बीमा दिया जाएगा। दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन 1500 रुपये प्रति माह की जाएगी। वो आगे कहते है कि सभी 18 मंडलों में एंटी करप्शन ऑर्गनाइजेशन यूनिट स्थापित की जाएगी। मेरठ में कोतवाल धन सिंह गुर्जर अत्याधुनिक पुलिस ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया जाएगा। लव जिहाद पर 10 साल की जेल और 1 साल का जुर्माना का प्रावधान किया गया है। 

एंटी टेररिस्ट कमांडो सेंटर 
उन्होनें कहा कि संकल्प पत्र में मेरठ, रामपुर, आजमगढ़, कानपुर, बहराइच में एंटी टेररिस्ट कमांडो सेंटर बनाए जाएंगे। प्रत्येक पुलिस स्टेशन में साइबर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। पांच विश्वस्तरीय एक्जीबिशन और अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर बनाए जाएंगे। 3 अत्याधुनिक डाटा सेंटर पार्क बनाए जाएंगे। कानपुर में मेगा लेदर पार्क बनाया जाएगा। बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नत योजना की शुरुआत की जाएगी। वाराणसी, मिर्जापुर और चित्रकूट में रोप-वे सेवा शुरू की जाएगी। सभी गांवों को बस सुविधा से जोड़ने के लिए 2000 नई बसों की शुरुआत की जाएगी। पूरे प्रदेश में अन्नपूर्णा कैंटीन शुरू की जाएगी। काशी, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, झांसी और प्रयागराज में मेट्रो की शुरुआत की जाएगी। मछुआरा समुदाय के लिए नदियों के पास लाइफ गार्ड की नियुक्ति की जाएगी। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय की स्थापना की जाएगी। ईडब्ल्यूएस कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा।

स्मृतियों को किया जाएगा स्थापित
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का चित्रकूट में, संत रविदास का बनारस में, निषादराज गुहा का श्रृंगवेरपुर में और डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के स्मृति में सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना की जाएगी। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि 2017 के पहले का उत्तर प्रदेश और 2017 के बाद के उत्तर प्रदेश में जमीन आसमान का फर्क है। उन्होनें कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में जहां गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, माफिया और भय का वातावरण था वही 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने विकास के नये आयाम स्थापित करने का कार्य किया।

Read more Articles on
Share this article
click me!