BJP विधायक की बेटी का वीडियो वायरल, चाचा और दादी पर लगाया पिता का अपरहण कर लखनऊ ले जाने का आरोप

यूपी सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के बाद औरैया में भी हलचल तेज हो गयी है। उनके करीबी रहे बिधूना विधायक विनय शाक्य लापता हैं। उनकी बेटी ने एक वीडियो जारी करते हुए आरोप लगाया है कि उनके चाचा विधायक पिता को जबरन अपने साथ ले गए हैं। बेटी ने सरकार से पिता की सुरक्षा की मांग की है। भाजपा विधायक विनय शाक्य की बेटी रिया शाक्य ने अपने चाचा देवेश शाक्य पर बीमार पिता को जबरन लखनऊ ले जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पिता से उनकी व उनकी मां की बात भी नहीं कराई जा रही है।

Asianet News Hindi | Published : Jan 12, 2022 3:10 AM IST

लखनऊ: यूपी के औरैया जिले में बिधूना के भाजपा विधायक (BJP MLA) की पुत्री की ओर से सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो (Viral Video) में चाचा व दादी पर पिता को ले जाने का आरोप लगाते हुए सरकार से उनकी खोजबीन कराने व परिवार से मिलाने की गुहार लगाई गई है। उधर वीडियो के वायरल होने के बाद जहां बिधूना विधायक के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami prashad maurya) के साथ सपा में शामिल होने की चर्चाओं का बाजार गर्म है।तो वहीं बिधूना विधायक के घर में घमासान छिड़ गया है। बिधूना विधायक विनय शाक्य के मंगलवार को अचानक गायब हो जाने पर बेटी रिया शाक्य ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया है। जिसमें रिया शाक्य ने अपने चाचा देवेश शाक्य व दादी पर पिता को कहीं ले जाने का आरोप लगाया है।

विधायक की बेटी ने वीडियो किया ट्वीट
एक वीडियो ट्वीट कर उन्होंने कहा है कि पैरालिसिस अटैक के कारण उसके पिता बेड रेस्ट पर हैं। चलने फिरने और बोलने में असमर्थ हैं। मेरे चाचा देवेश शाक्य पर पिता को जबरन लखनऊ ले गए हैं। उधर चर्चा है कि रिया भाजपा से औरैया की बिधूना विधान सभा सीट से टिकट मांग रही हैं। विनय शाक्य बिधूना सीट से दो बार विधायक रहे हैं। एक बार एमएलसी भी मनोनीत हुए थे। बसपा सरकार में वह दो बार मंत्री भी रहे हैं। विनय शाक्य ने 2012 में एमएलसी रहने के दौरान बिधूना सीट से अपने भाई देवेश शाक्य को चुनाव लड़ाया था, हालांकि वह हार गए।

सपा में शामिल होने की लग रही अटकलें
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे और सपा में शामिल होने की अटकलों के बीच बिधूना विधायक व उनके भाई के सपा में शामिल होने की अटकलें लग रही है। इधर विधायक की पुत्री रिया के बारे में बताया जा रहा है कि वह विधूना सीट से भाजपा से टिकट मांग रही है। परिवार में चुनाव लड़ने को लेकर दो फाड़ हैं और इसी को लेकर घमासान मचा हुआ है।

अब विनय के बीमार होने पर देवेश शाक्य राजनैतिक विरासत हासिल करने की कोशिश में हैं। बेटी रिया शाक्य क्षेत्र में जनसंपर्क कर रही थी। पूरे मामले पर रिया के चाचा देवेश शाक्य का कहना है कि उनके भाई बेटी के साथ नहीं अपनी मां के साथ रहते हैं। यह सब दूसरे लोग करवा रहे हैं। भाई के साथ वह जबरदस्ती नहीं करने देंगे। यदि वह स्वेच्छा से राजी हों तो ले जाएं। वरना मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दें।

Read more Articles on
Share this article
click me!