चीनी विदेश मंत्री से मिले अमेरिका के विदेश मंत्री, जासूसी गुब्बारे को लेकर दी चेतावनी

Published : Feb 19, 2023, 07:01 AM ISTUpdated : Feb 19, 2023, 07:02 AM IST
Antony Blinken meets Wang Yi

सार

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन से इतर मुलाकात की। उन्होंने जासूसी गुब्बारे (Chinese Spy Balloon) को लेकर चीन को चेतावनी दी और कहा है कि ऐसी घटना फिर कभी नहीं होनी चाहिए।

वाशिंगटन। चीनी जासूसी गुब्बारे (Chinese Spy Balloon) को लेकर चीन और अमेरिका के बीच तनातनी जारी है। इस बीच अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से शनिवार को मुलाकात की और गुब्बारे की मदद से अमेरिका की जासूसी करने के लिए चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि चीन का जासूसी गुब्बारा प्रोग्राम दुनिया में एक्सपोज हो गया है।

म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के साइडलाइन पर एंटनी ब्लिंकेन और वांग यी की मुलाकात हुई। एंटनी ब्लिंकेन ने जासूसी गुब्बारा मामले को लेकर वांग यी से कहा कि यह अस्वीकार्य है। अमेरिकी संप्रभुता का उल्लंघन हुआ है। इसके साथ ही ब्लिंकेन ने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ लड़ाई में चीन रूस का समर्थन कर रहा है। इसके चलते चीन के खिलाफ प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

संप्रभुता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं करेगा अमेरिका

अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि एंटनी ब्लिंकेन ने चीन के विदेश मंत्री से निगरानी गुब्बारे द्वारा अमेरिकी संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून के अस्वीकार्य उल्लंघन पर सीधे बात की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना फिर कभी नहीं होनी चाहिए। चीनी गुब्बारे ने पांच महाद्वीपों में 40 से अधिक देशों के हवाई क्षेत्र में घुसपैठ की। ब्लिंकेन ने स्पष्ट किया कि अमेरिका अपनी संप्रभुता के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करेगा। वांग यी के साथ बैठक में एंटनी ब्लिंकेन ने रूस-यूक्रेन जंग को लेकर भी बात की। नेड प्राइस ने कहा कि ब्लिंकेन ने चेतावनी दी कि चीन रूस को समर्थन देता रहता है तो उसे इसके नतीजे भुगतने होंगे।

क्या है मामला?

चीन जासूसी गुब्बारे की मदद से अमेरिका के संवेदनशील सैन्य स्थलों की जानकारी जुटा रहा था। कई दिनों तक अमेरिका के आसमान में गुब्बारा दिखा था। इसके बाद 4 फरवरी को अमेरिकी वायु सेना के लड़ाकू विमान F-22 ने मिसाइल फायर कर चीनी गुब्बारे को मार गिराया था। गुब्बारा गिराए जाने से चीन तिलमिला गया था और कहा था कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है।

यह भी पढ़ें- चीन फिर कर रहा मनमानी: LAC और अक्साई चिन में कर रहा रेल ट्रैक का निर्माण, भारत ने जताई चिंता

गिराए जाने के वक्त गुब्बारा करीब 60 हजार फीट की ऊंचाई पर था। गुब्बारे का मलबा अटलांटिक महासागर के अमेरिकी क्षेत्रीय जल में गिरा था। इसके बाद अमेरिका और कनाडा के एयर स्पेस में कई अज्ञात वस्तु उड़ते दिखे हैं, जिन्हें लड़ाकू विमान से हमला कर मार गिराया गया है। गुब्बारा दिखने के बाद अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने चीन की यात्रा को टाल दिया था।

यह भी पढ़ें- अमेरिका में नस्लभेदी कमेंट से राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल निक्की हेली भी नहीं बच पाईं, लेखिका एन कोल्टर की आपत्तिजनक बातें...

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

H-1B वीज़ा पर अपने ही घर में घिरे ट्रंप-20 राज्यों ने बताया खतरनाक-खटखटाया कोर्ट का दरवाजा
पुतिन की मीटिंग में जबरन घुसे पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ, VIDEO वायरल, जानिए क्यों?