
Christmas celebration: दुनिया जिस जीसस क्राइस्ट का जन्मदिन पूरे धूमधाम से मना रही है, उनका जन्मस्थान इस बार बेहद सुनसान है। आमतौर पर क्रिसमस पर दुनिया के सबसे व्यस्ततम इस इलाके में आज बड़ा दिन के अवसर पर भी सन्नाटा छाया हुआ है। न कहीं क्रिसमस ट्री दिख रही न ही प्रभु येसु के जन्म की खुशियां। होटल्स, रेस्त्रां सब खाली-खाली है। केवल हैं तो स्थानीय निवासी लेकिन वह भी सहमे-सहमे, जीवन के लिए प्रार्थना कर रहे।
दरअसल, गाजापट्टी शहर से कुछ दूरी पर स्थित वेस्टबैंक में फिलिस्तीनी शहर बेथलेहम है। यहां ईसा मसीह का जन्म हुआ था। हर साल क्रिसमस पर हजारों पर्यटकों से यह शहर गुलजार रहता है। लेकिन इस साल युद्ध ने सबकुछ तबाह कर दिया है। यहां का पर्यटन उद्योग बिल्कुल ही बैठ चुका है। इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में डर का डेरा है। यहां होटल, रेस्तरां और सॉवेनीर शॉप्स, सब वीरान हो गई हैं।
7 अक्टूबर के बाद अधिकतर ने कैंसिल करा दी बुकिंग
दरअसल, 7 अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर हमला किया। इसके जवाबी हमले में इजरायल लगातार गाजापट्टी को तबाह कर रहा है। दो महीना से अधिक समय से चल रहे इस युद्ध का सीधा असर अब बेथलेहम पर पड़ा है। यहां क्रिसमस का उल्लास गायब है। ईसा मसीह के जन्मोत्सव की बजाय पूरा क्षेत्र शोक और दहशत में डूबा हुआ है।
अलेक्जेंडर होटल के मालिक जॉय कैनावती ने कहा कि हमारे पास एक भी गेस्ट नहीं है। कभी मना करना पड़ता था। कनावती का परिवार, यहां बेथलेहम में चार पीढ़ियों से रह रहा है और काम कर रहा। कनावती ने कहा कि 7 अक्टूबर से पहले, उनका होटल क्रिसमस के लिए पूरी तरह से बुक था। आलम यह कि वह उन लोगों की मदद करने के लिए शहर में कहीं और कमरे तलाश रहे थे जिनमें वह नहीं रह सकते थे। लेकिन युद्ध ने सबकुछ बर्बाद कर दिया। जब से युद्ध शुरू हुआ, सभी ने बुकिंग रद्द कर दिया। इसमेंअगले साल की बुकिंग भी शामिल थी। कनावती ने कहा कि ईमेल पर हमें बस एक के बाद एक कैंसिलेशन के बारे में संदेश मिलता है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।