दुनिया में कोरोना: अब तक 34 हजार मौतें, आज स्पेन में 537 लोगों ने तोड़ा दम, USA में 1.50 लाख संंक्रमित

दुनियाभर के 199 देश कोरोना की चपेट में है। अब तक 34,780 लोगों की इससे मौत हो चुकी है। वहीं, दुनियाभर में 7 लाख 34 हजार 931 लोग संक्रमित हैं। अमेरिका बुरी तरह से कोरोना की चपेट में आ चुका है।

Asianet News Hindi | Published : Mar 30, 2020 5:13 AM IST / Updated: Mar 30 2020, 03:53 PM IST

नई दिल्ली. दुनियाभर के 199 देश कोरोना की चपेट में है। अब तक 34,780 से ज्यादा लोगों की इससे मौत हो चुकी है। वहीं, दुनियाभर में 7 लाख 34 हजार 931 लोग संक्रमित हैं। अमेरिका बुरी तरह से कोरोना की चपेट में आ चुका है। यहां संक्रमण के सबसे ज्यादा 1.5 लाख केस सामने आए हैं। जबकि 2489 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक सबसे ज्यादा मौतें इटली में हुई हैं। यहां 10,779 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अमेरिका का न्यूयॉर्क सबसे ज्यादा प्रभावित है। सबसे ज्यादा 59 हजार से ज्यादा केस यहीं से आए हैं। यहां 965 लोगों की मौत हो चुकी है। 

अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 518 लोगों की मौत हुई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को कहा, अगले दो हफ्ते में स्थिति और भयावह हो जाएगी। मौत का आंकड़ा अपने चरम पर होगा। उन्होंने कहा, अगर अमेरिका मौत के आंकड़े को 1 लाख तक भी रोक लेता है तो यह बड़ी बात होगी। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। वहीं, व्हॉइट हाउस ने अनुमान जताया है कि 2 लाख लोग संक्रमित हैं।

चीन में क्या है स्थिति
चीन में संक्रमण से अब तक 3304 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पिछले 24 घंटे में 31 नए केस सामने आए, वहीं, 4 लोगों की मौत हुई है। चीन में अब तक कोरोना के 81 हजार 470 केस सामने आए हैं। चीन में वुहान को छोड़कर सभी जगह से लॉकडाउन हटा लिया गया। 

इटली में 10 हजार से ज्यादा पहुंचा मौत का आंकड़ा
इटली में स्थिति काबू में होती नजर नहीं आ रही है। यहां पिछले 24 घंटे में 756 लोगों की मौत हो चुकी है। इटली में अब तक 10779 लोगों की मौत हुई है। वहीं, संक्रमण के केस 97 हजार के पार पहुंच चुके हैं।

स्पेन
स्पेन ने मौत के मामले में इटली को पीछे छोड़ दिया। यहां पिछले 24 घंटे में 821 लोगों की मौत हुई है। स्पेन में अब तक 6800 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 80 हजार लोग संक्रमित पाए गए हैं। 

फ्रांस में स्थिति हो रही बेकाबू
उधर, इटली, स्पेन के बाद अब फ्रांस में भी स्थिति बेकाबू हो चुकी है। यहां पिछले 24 घंटे में 282 लोगों की मौत हो चुकी है। फ्रांस में अब तक 2600 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 40 हजार से ज्यादा संक्रमण के केस सामने आए हैं।

Share this article
click me!