दुनिया में कोरोनाः 210 देशों में 17.9 लाख पॉजिटिव, 1.10 लाख मौतें; ब्रिटेन के PM जॉनसन ने वायरस को हराया

दुनिया में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। दुनिया के 210 देशों में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 17 लाख 95 हजार तक पहुंच गई है। जबकि 1 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में अब तक 20 हजार लोगों ने जान गंवाई है। 
 

Asianet News Hindi | Published : Apr 12, 2020 3:42 AM IST / Updated: Apr 12 2020, 06:30 PM IST

वॉशिंगटन. दुनिया भर में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। दुनिया के 210 देश कोरोना की चपेट में हैं। कोरोना से दुनियाभर में अब तक 1 लाख 10 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 4 लाख 11 हजार ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों की संख्या 17 लाख 95 हजार तक पहुंच गई है। पॉजिटिव केसों और सबसे अधिक मौतों के लिहाज से अमेरिका पहले नंबर पर पहुंच गया है। अमेरिका में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 5 लाख 33 हजार 115 हो गई है। जबकि अब तक 20 हजार 580 लोगों की मौत हो चुकी है। 

इटली में भी मौत और संक्रमण का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। यहां अब तक 19 हजार 468 लोगों की जान जा चुकी है। इटली में संक्रमण से 100 प्रीस्ट (ईसाई धर्मगुरु या पादरी) की भी मौत हुई है। जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 52 हजार हो गई है। 

दुनिया के अन्य देशों का हाल 

अमेरिका में 48 घंटे में 3800 लोगों की मौत 

संक्रमण के बाद अमेरिका में सबसे ज्यादा मौतें शुक्रवार को हुईं। 2057 लोगों ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद यहां मौत आंकड़ा 20 हजार तक पहुंच गया है। जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या 5.3 लाख पहुंच गई है। न्यूयॉर्क शहर के सभी स्कूल जून तक बंद रहेंगे। मेयर बिल डि ब्लासियो ने शनिवार को यह जानकारी दी। मेयर के मुताबिक, इस शिक्षा सत्र में शहर के सरकारी स्कूल नहीं खुलेंगे। ऑनलाइन एजुकेशन के ज्यादातर इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। ब्लासियो ने कहा, “सिर्फ कुछ हफ्तों के लिए स्कूल खोलना सही नहीं होगा। क्योंकि, हालात को देखते हुए सुरक्षा के काफी इंतजाम करने होंगे। इससे कोरोनावायरस का खतरा बढ़ भी सकता है।”  

इटली में 19 हजार मौतें, 100 प्रिस्ट भी शामिल 

विदेशी मीडिया के मुताबिक, कोरोना वायरस से इटली में अब तक 19 हजार 468 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें 100 प्रीस्ट की भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यहां संक्रमण के शिकार 100 से अधिक डॉक्टर और नर्स भी दम तोड़ चुके हैं। संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित बर्गेमो शहर में अब भी कुछ प्रीस्ट अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। जिन पादरियों की मौत हुई है उनमें से ज्यादातर रिटायर्ड बताए गए हैं।

इटली के प्रधानमंत्री गिसुपी कॉन्टे ने देश में लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ा दिया है। इससे पहले यहां 9 मार्च से 3 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया गया था, जिसे 13 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था। इटली में कोरोना से 24 घंटे में 570 लोगों की मौत हुई है, जबकि संक्रमण के करीब चार हजार मामले सामने आए हैं। 

स्पेन सरकार देगी लॉकडाउन में ढील 

कोरोना वायरस के कहर से यूरोप के देशों में इटली के बाद स्पेन सबसे ज्यादा प्रभावित है। दुनिया के ज्यादातर देशों में लॉकडाउन बढ़ाया जा रहा है और सख्ती की जा रही है। लेकिन, स्पेन और ऑस्ट्रिया अलग रास्ते पर चल रहे हैं। यहां सोमवार से गैर जरूरी सेवाएं भी शुरू की जा रही हैं। विदेशी मीडिया के रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने यह निर्णय तब लिया है जब मौतों के आंकड़ों में में लगातार गिरावट दर्द की जा रही है। सरकार का तर्क है कि मध्य मार्च में मौतों की दर 23 फीसदी थी। अब ये 20 प्रतिशत हो गई है। एक तर्क ये भी है कि 59 हजार संक्रमित अब स्वस्थ हैं। ईस्टर की छुट्टियों के बाद सोमवार से फैक्ट्रियों में काम शुरू हो जाएगा। पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी धीरे-धीरे खोले जाएंगे। हालांकि, मास्क लगाना जरूरी होगा। रेलवे स्टेशन और हाईवे पर इन्हें सरकार आम लोगों तक पहुंचाएगी। स्पेन में संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 52 हजार है। जबकि अब तक 16 हजार 606 लोगों की मौत हो चुकी है। 

फ्रांस में एक दिन में 635 मौतें 

फ्रांस में शनिवार को 635 लोगों की मौत हुआ है। जबकि इससे पहले शुक्रवार को यह आंकड़ा 987 था। अब यहां मौत का आंकड़ा 13 हजार 832 तक पहुंच गया है।  इटली, स्पेन और अमेरिका के बाद फ्रांस चौथा देश हैं, जहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। यहां शनिवार को संक्रमण के 44 सौ नए केस आए। जबकि शुक्रवार को यह आंकड़ा 7120 था। यहां अब तक एक लाख 29 हजार लोग संक्रमित हैं।

Share this article
click me!