दुनिया में कोरोनाः अब तक 1.61 लाख मौतें, अमेरिका में 39 हजार तो फ्रांस में 19 हजार ने तोड़ा दम

दुनिया भर में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 23 लाख 50 हजार 75 तक पहुंच गई है। जबकि अब तक 1 लाख 61 हजार 270 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका में मरीजों का आंकड़ा 7.38 लाख हो गया है। जबकि 39 हजार लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, स्पेन दुनिया का तीसरा देश है जहां 20 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। 
 

Asianet News Hindi | Published : Apr 19, 2020 3:21 AM IST / Updated: Apr 19 2020, 06:29 PM IST

वॉशिंगटन. दुनिया भर के 210 कोरोना के संक्रमण से जूझ रहे हैं। दुनिया भर में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 23 लाख 50 हजार 75 तक पहुंच गई है। जबकि अब तक 1 लाख 61 हजार 270 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के संक्रमण से अमेरिका का बुरा हाल है। यहां संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 7.38 लाख हो गया है। जबकि 39 हजार लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, कुछ दिनों बाद रमजान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है। दुनिया के बाकी देशों के उलट पाकिस्तान ने रमजान के दौरान मस्जिदों में नमाज पढ़ने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसके साथ कुछ शर्तें जोड़ी गई हैं। इधर, कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्पेन ने 9 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है।

अमेरिका में 24 घंटे में 29 हजार मरीज 

अमेरिका में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 7 लाख 38 हजार से अधिक है। जबकि यहां अब तक 39 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में यहां 29 हजार संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। जबकि 1867 लोगों की मौत हुई है। वहीं, प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प नए विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। उनके संस्थानों ने 1900 कर्मचारियों को अस्थायी तौर हटा दिया है। सीएनएन के मुताबिक इसे फर्लो कहा जाता है। आमतौर पर यह शब्द सजायाफ्ता कैदियों को जेल प्रशासन द्वारा दी गई सशर्त छुट्टी के लिए इस्तेमाल किया जाता है। ट्रम्प परिवार के डोरल मियामी से 560 और मार-ए-लागो क्लब से 153 कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा गया है। कंपनियों के मुताबिक, ये गैर जरूरी और अस्थायी कर्मचारी हैं। ये भी कहा गया है कि कुछ दिन बाद इन्हें वापस बुला लिया जाएगा। वर्जीनिया, नेवादा, वॉशिंगटन, डीसी, इलिनॉइस, न्यूयॉर्क और फ्लोरिडी में ट्रम्प परिवार के कई संस्थान हैं। 

रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने डिफेंस डिपार्टमेंट के अंतर्गत आने वाले सभी संस्थानों के यात्रा प्रतिबंध पर रोक 30 जून तक बढ़ा दी। पेंटागन ने शनिवार को बताया कि इसमें सेना के सभी अंग शामिल होंगे। बयान के मुताबिक, इससे सैनिकों को संक्रमण से बचाने में मदद मिलेगी। पहले यह प्रतिबंध 1 मई तक था। इस प्रतिबंध के दायरे में सैनिकों के परिवार भी आएंगे।  

स्पेन तीसरा देश जहां 20 हजार से अधिक मौतें 

स्पेन में मरने वालों का आंकड़ा 20 हजार के पार हो गया। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने देश में 15 दिन और लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया है। देश में 14 मार्च को यह पाबंदी लागू की गई थी। इसकी मियाद 26 अप्रैल को खत्म हो रही थी। स्पेन में संक्रमण के मामले 1 लाख 94 हजार तक पहुंच पहुंच गए हैं। जबकि अब तक 20 हजार 639 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि यहां अभी तक 74 हजार 797 लोग ठीक भी हुए हैं। स्पेन में पिछले 24 घंटे में 3577 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 637 लोगों की मौत हुई है। 

राष्ट्रपति अशरफ के महल के 20 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव

अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी के महल में भी कोरोनावायरस पहुंच गया है। यहां काम करने वाले 20 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि राष्ट्रपति खुद संक्रमित हुए हों। महल से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति कार्यालय से जुड़े 12 और लोगों के संक्रमित होने की आशंका है। 

इजरायल में मिली ढील

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऐलान किया कि इस रविवार से देश में पाबंदियों में ढील दी जाएगी। पहले के 15 के मुकाबले अब 30 फीसदी कर्मचारी ऑफिस जा सकेंगे। इंडस्ट्रीज के अलावा आईटी सेक्टर से जुड़ी कंपनियां भी खुलेंगी। हालांकि, सभी कंपनियों को सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना की रोकथाम के लिए सभी जरूरी उपाय करने होंगे। 

फ्रांस में अब तक 19 हजार मौतें

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना से 642 लोगों की मौत हुई। हालांकि, अच्छी बात यह है कि यहां अब अस्पतालों में कोरोना के मरीज कम आ रहे हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने कहा था कि लॉकडाउन में राहत दी जाएगी लेकिन बुजुर्गों के लिए पाबंदियां पहले जैसी रहेंगी। मैक्रों के मुताबिक, कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्गों को है। लिहाजा, उनको ज्यादा से ज्यादा वक्त घर में गुजारना चाहिए। उनकी इस बात का देश में काफी विरोध हुआ। ब्रिटिश अखबार ‘द गार्डियन’ के मुताबिक, सरकार अब इस तरह की कोई शर्त नहीं रखेगी। माना जा रहा है कि अगले हफ्ते से देश में कुछ सेक्टर्स को फिर से खोलने की मंजूरी दे दी जाएगी।  

जर्मनी में संक्रमण के काबू में होने का दावा

हेल्थ मिनिस्टर जेन्स स्पाह्न ने देश में संक्रमण काबू होने का दावा किया। कहा, “हालात अब हमारे नियंत्रण में हैं। अगले सप्ताह लॉकडाउन में ढील दी जा सकती है।” जर्मनी यूरोप की सबसे मजबूत आर्थिक शक्ति है। जेन्स के मुताबिक संक्रमितों की संख्या रोज कम हो रही है। सोमवार से यहां कुछ दुकानें और चुनिंदा स्कूल खुल सकते हैं। हालांकि, सभी स्कूलों पर फैसला 4 मई के बाद ही किया जाएगा। यहां पिछले 24 घंटे 2300 नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 186 लोगों की मौत हुई है। यहां अब तक 1 लाख 43 हजार 724 लोग संक्रमित हैं। जबकि 4538 लोगों की मौत हो चुकी है।  

Share this article
click me!