दुनिया में कोरोनाः अब तक 2.12 लाख लोगों की मौत, ADB ने वायरस से जंग के लिए भारत को दिए 1.5 बिलियन डॉलर

दुनिया में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 30 लाख 81 हजार से अधिक हो गई है। जबकि अब तक 2 लाख 12 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि राहत की बात है कि कोरोना संक्रमित 9 लाख 31 हजार लोग ठीक भी हो चुके हैं। इटली में 24 घंटे में 333 तो ब्रिटेन में 360 लोगों की जान गई। फ्रांस में भी 24 घंटे में 437 लोगों की मौत हुई। 

Asianet News Hindi | Published : Apr 28, 2020 6:30 AM IST / Updated: Apr 29 2020, 08:34 AM IST

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोना का संक्रमण बढ़ाता जा रहा है। दुनिया में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 30 लाख 65 हजार से अधिक हो गई है। जबकि अब तक 2 लाख 12 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि राहत की बात है कि कोरोना संक्रमित 9 लाख 22 हजार लोग ठीक भी हो चुके हैं। यूरोप में अब संक्रमण से होने वाली मौतों में कमी आई है। इटली में 24 घंटे में 333 तो ब्रिटेन में 360 लोगों की जान गई। फ्रांस में भी 24 घंटे में 437 लोगों की मौत हुई।

चुनौती से निपटने में भारत के साथः एशियन डेवलपमेंट बैंक

एशियन डेवलपमेंट बैंक ने मंगलवार को संक्रमण से निपटने के लिए भारत को 1.5 बिलियन डॉलर ( करीब 11 हजार रुपए) के कर्ज को मंजूरी दे दी है। यह रकम बीमारी की रोकथाम और आर्थिक तौर पर कमजोर वर्ग की सामाजिक सुरक्षा पर खर्च होगी। खास कर महिलाओं और वंचित वर्ग की मदद के लिए भी इस रकम का इस्तेमाल होगा। देश में अब तक 29 हजार 607 संक्रमित हैं, जबकि 900 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। एडीबी के अध्यक्ष मात्सुगु असकावा ने कहा कि हम इस चुनौती से निपटने में भारत का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

सिंगापुर में संक्रमण दूसरे चरण में पहुंचा, चीन में फिर फैलने लगा वायरस

चीन ने महामारी की दूसरी लहर के डर से जिम और स्वीमिंग पूल को फिर से बंद कर दिया है। चीन में जिम जनवरी में बंद कर दिए गए थे, लेकिन पिछले कुछ हफ्तों में धीरे-धीरे फिर से खुल गए थे। चीन में बाहर से आने वाले लोगों में मामले बढ़ रहे हैं। इस कारण बीजिंग में आने वाले किसी भी व्यक्ति को सरकार के बताए होटलों में 14 दिन तक क्वारैंटाइन किया जा रहा है। उधर, सिंगापुर में महामारी दूसरे चरण में पहुंच गया है। यहां संक्रमण का मामला 14 हजार से ज्यादा हो गया है। ज्यादातर मामले बाहर से काम करने आए मजदूरों में सामने आए हैं।

अमेरिका में कम हुआ मौत का आंकड़ा

अमेरिका में 24 घंटे में 1384 लोगों  की मौत हुई है। इससे पहले यहां 26 अप्रैल को 11 सौ मरीजों की मौत हुई थी। जबकि उससे पहले 2065 लोगों ने दम तोड़ा था। यहां अब तक 56 हजार 803 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लाख 10 हजार 507 लोग संक्रमित हैं। 

रूस में सेना के जवान संक्रमित 

रूस की सेना में 2,090 जवान कोरोनावायरस से संक्रमित हो गए हैं। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इसमें कुछ लोगों को घर पर आईसोलेट किया गया और कुछ को मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रूस में संक्रमित मरीजों की संख्या 87 हजार 147 हो गई है। जबकि अब तक 794 लोगों की मौत हो चुकी है। 

सिंगापुर में 24 घंटे में 799 केस मिले

सिंगापुर में 24 घंटे में 799 नए मामले सामने आए हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि इनमें से ज्यादा वर्क परमिट पर काम करने वाले विदेशी मजदूर हैं। ये सभी डोरमेट्री में रहते हैं। इस सप्ताह यहां काफी संख्या में संक्रमित मिले हैं। सरकार ने डोरमेट्री खाली करवा दिया है। मजदूरों का टेस्ट कर लक्षण वाले मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। सिंगापुर में कोरोना के 14 हजार 423 मामले आए हैं। यह दक्षिण पूर्व एशिया में सबसे ज्यादा है।

न्यूजीलैंड में आधी रात से प्रतिबंधों में ढील

न्यूजीलैंड में आधी रात से लॉकडाउन प्रतिबंधों को कम किया जाएगा। देश में अभी 4 लेवल लॉकडाउन है, जो अब 3 पर आ जाएगा। इसका मतलब हुआ कि न्यूजीलैंड में अभी भी लॉकडाउन लगा रहेगा, लेकिन कुछ चीजों में ढील दी जाएगी। यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 1472 हो गई है। जबकि अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि राहत की बात है कि यहां अब तक 1214 लोग ठीक हो चुके हैं। 

जापान 14 और देशों पर लगाएगा यात्रा प्रतिबंध 

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जापान 29 अप्रैल से अपने देश आने पर कोरोना से प्रभावित 14 और देशों पर प्रतिबंध लगाएगा। जापान की मीडिया ने प्रधानमंत्री शिंजो आबे के हवाले से यह जानकारी दी। इन नए प्रतिबंधों के बाद जापान द्वारा कोरोना के कारण यात्रा संबंधित लगाए गए प्रतिबंधों की सूची में 87 देश आ जाएंगे। इनमें अमेरिका, चीन, दक्षिण कोरिया और यूरोप के ज्यादातर देश शामिल हैं। आबे ने कहा कि यह प्रतिबंध मई में पूरे महीने लागू रहेंगे। जापान रूस, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और 11 देशों से आने वाले लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगाएगा। देश में अब तक 372 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 हजार 441 संक्रमित हैं।

ब्रिटेन में काम पर लौटे प्रधामंत्री, अब तक 21 हजार मौतें 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन कोरोना के संक्रमण से ठीक होने के बाद सोमवार को काम पर लौटें। बताया जा रहा है कि सरकार सात मई से पहले लॉकडाउन में ढील दे सकते हैं। यहां अब तक 21 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि अब तक 1 लाख 57 हजार से अधिक लोगों संक्रमित हैं। 

इटली में 26 हजार मौतें, प्रतिबंधों में दी जाएगी ढील

इटली में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 99 हजार 414 हो गई है। जबकि अब तक 26 हजार 977 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए लागू किए गए प्रतिबंधों में सरकार 4 मई से ढील देने की तैयारी में है। साथ ही उन्होंने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की भी अपील की। सरकार यात्रा प्रतिबंधों में राहत देगी। 

स्पेन में  24 घंटे में 288 की मौत

स्पेन में कोरोना के संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 288 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले यहां 378 ने दम तोड़ा था। देश में मौतों की संख्या अब कम हो रही है। यहां अब तक 23 हजार 521 लोगों की जान जा चुकी है, वहीं दो लाख 29 हजार संक्रमित हैं। यहां लॉकडाउन के बीच रविवार को पहली बार बच्चों को घर से बाहर निकलने की अनुमति मिली।

Share this article
click me!