Nvidia CEO Jensen Huang पर चीनी जासूसी साजिश के आरोपों के बीच पत्नी से माफी का दावा। कंपनी ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर स्वतंत्र जांच शुरू की।
Nvidia CEO Jensen Huang Controversy: एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेन्सेन हुआंग ने अपने कर्मचारियों को भेजे गए एक ईमेल में पत्नी के साथ बेवफाई करने की बात स्वीकार की है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उनका एक ऐसी चीनी बिजनेसवुमन के साथ रोमांटिक संबंध था, जिसे अमेरिकी खुफिया एजेंसियां चीन के लिए काम करने वाली संदिग्ध खुफिया एजेंट मानती हैं। यह मामला सामने आने के बाद एनवीडिया ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कंपनी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या जेन्सेन हुआंग विदेशी खुफिया गतिविधियों का निशाना बने थे और क्या इससे कंपनी की सुरक्षा पर कोई असर पड़ा है।
कौन हैं एलिस हुआंग?
- 29 अक्टूबर को 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने एक रिपोर्ट में दावा किया था कि जेन्सेन हुआंग एक चीनी जासूसी साजिश के निशाने पर थे। इस कथित साजिश को एलिस हुआंग (उर्फ हुआंग ले) नाम की एक बिजनेसवुमन चला रही थीं।
- रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने जेन्सेन हुआंग के साथ करीबी संबंध बनाए और एनवीडिया की एडवांस्ड AI चिप्स तथा खुफिया जानकारी बीजिंग तक पहुंचा रही थीं।
- एलिस हुआंग चीनी नागरिक हैं और सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड' (Megaspeed) में एक सीनियर ऑफिसर रह चुकी हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने कथित तौर पर उन्हें चीन के लिए काम करने वाली एक 'इंटेलिजेंस एसेट' यानी खुफिया गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले व्यक्ति के रूप में पहचाना है।
Jensen Huang ने पत्नी और परिवार से मांगी माफी
- जेन्सेन हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल में अपने परिवार और कंपनी के कर्मचारियों से माफी मांगी। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग देने की बात भी कही।
- यह ईमेल उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों को एक संदेश के रूप में भेजा था। ईमेल में जेन्सेन हुआंग ने लिखा- “मैं अपने परिवार और आप सभी से माफी मांगता हूं। मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की है। मेरे इस कदम से उन्हें और हमारे बच्चों को गहरी चोट पहुंची है।
- मैंने जो किया, उसके लिए मेरे पास कोई बहाना नहीं है। मुझे अपने किए पर बहुत पछतावा है। मेरे पूरे जीवन में मेरे परिवार ने मुझे प्यार और समर्थन दिया है। वे मेरी ईमानदारी और वफादारी के हकदार थे। लेकिन मैंने उन्हें निराश किया है और हमारे साथ मिलकर बनाए गए जीवन को नुकसान पहुंचाया है।
- मैंने अपने कार्यों और उनसे दूसरों को पहुंची तकलीफ की पूरी जिम्मेदारी ली है। इस मामले में होने वाली आलोचना को भी मैं स्वीकार करता हूं।
- मेरी पत्नी और परिवार से मैं कहना चाहता हूं कि मैं आप सभी से प्यार करता हूं। मुझे पता है कि सिर्फ माफी मांगने से मेरे किए गए काम को बदला नहीं जा सकता। मुझे उम्मीद है कि हमारा परिवार इस दुख से बाहर निकल पाएगा और समय के साथ मैं आपका भरोसा दोबारा जीत सकूंगा।
- एनवीडिया में मेरे साथ काम करने वाले सभी साथियों से, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं जिनके साथ मैंने कई दशकों तक काम किया है, और दुनिया भर में हमारे बोर्ड, पार्टनर्स तथा शेयरधारकों से मैं कहना चाहता हूं कि आप मुझसे बेहतर व्यवहार की उम्मीद रखते हैं।
- एनवीडिया का नेतृत्व करना मेरे जीवन का सौभाग्य रहा है। मेरी जिम्मेदारी है कि मैं आपकी सेवा करूं और आपके भरोसे के योग्य बना रहूं। मैं इस जिम्मेदारी को निभाने में विफल रहा हूं। मैं एनवीडिया के प्रति पूरी तरह समर्पित हूं और आपका विश्वास दोबारा हासिल करने के लिए काम करूंगा।
Nvidia Board ने जेन्सेन हुआंग के खिलाफ स्वतंत्र जांच शुरू की
- रविवार को जारी एक बयान में एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की। बोर्ड ने यह कदम हाल ही में सामने आई उन खबरों के बाद उठाया है, जिनमें दावा किया गया था कि कंपनी के संस्थापक और CEO जेन्सेन हुआंग विदेशी खुफिया एजेंसियों के निशाने पर थे।
- बोर्ड ने कहा कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि कंपनी की राष्ट्रीय सुरक्षा या गोपनीय डेटा से जुड़ी जानकारी के साथ कोई समझौता हुआ है। हालांकि, जांच के दौरान इस मामले से जुड़ी सभी उपलब्ध जानकारियों की समीक्षा की जाएगी।














