अमेरिका में नस्लीय हिंसा: गोरे हमलावर ने की तीन अश्वेतों की हत्या, फिर खुद को मारी गोली

अमेरिका के फ्लोरिडा में नस्लीय हिंसा हुई है। यहां एक श्वेत ने गोली मारकर तीन अश्वेतों की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली।

 

Vivek Kumar | Published : Aug 27, 2023 2:18 AM IST / Updated: Aug 27 2023, 07:58 AM IST

फ्लोरिडा। अमेरिका के फ्लोरिडा के जैक्सनविले में नस्लीय हिंसा (Racial Violence) हुई है। यहां एक श्वेत हमलावर ने तीन अश्वेतों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। घटना डॉलर जनरल स्टोर में हुई। हमलावर ने अश्वेतों के एक ग्रुप पर राइफल और हैंडगन से अंधाधुंध फायरिंग की थी। मृतकों में एक महिला शामिल है।

जैक्सनविले शेरिफ टी.के. वाटर्स ने कहा है कि यह गोलीबारी नस्लीय रूप से प्रेरित थी। हमलावर काले लोगों से नफरत करता था। अधिकारियों का मानना है कि हमलावर ने अकेले ही घटना को अंजाम दिया। गोलीबारी से पहले उसने मीडिया, अपने माता-पिता और पुलिस के लिए "कई घोषणापत्र" लिखे थे। उसने इन पत्रों में बताया था कि वह काले लोगों से नफरत करता है।

AR-15 राइफल और ग्लॉक पिस्टल से हमलावर ने की फायरिंग
वाटर्स ने बताया कि हमलावर AR-15 स्टाइल की राइफल और ग्लॉक पिस्टल लेकर आया था। AR-15 हल्की और सेमी ऑटोमैटिक राइफल है। इसका इस्तेमाल अक्सर मास शूटिंग में किया जाता है। शूटर को एक स्थानीय ऐतिहासिक ब्लैक कॉलेज एडवर्ड वाटर्स यूनिवर्सिटी में देखा गया था। यहां उसने डॉलर जनरल की स्थानीय शाखा में जाने से पहले अपनी सैनिक जैसा कपड़ा और मास्क पहना था।

जैक्सनविले एफबीआई कार्यालय के प्रभारी विशेष एजेंट शेरी ओन्क्स ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। हेट क्राइम हमेशा एफबीआई के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता रहे हैं और रहेंगे। यह न केवल किसी पीड़ित पर हमला हैं, बल्कि इनका उद्देश्य पूरे समुदाय को डराना-धमकाना भी है।

बोस्टन में कैरेबियन महोत्सव में गोलीबारी, 7 घायल

अमेरिका के बोस्टन में भी शनिवार को मास शूटिंग की घटना हुई। इसमें सात लोग घायल हो गए। शनिवार तड़के बोस्टन में एक कैरेबियाई उत्सव में मास शूटिंग हुई। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में हथियार बरामद किए गए हैं और गिरफ्तारियां की गई हैं।

यह भी पढ़ें- अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प को क्यूं जाना पड़ा जेल, 20 मिनट बाद ही आ गए बाहर

बता दें कि अमेरिका में गोलीबारी बड़ी समस्या है। अमेरिका में आम लोगों को हथियार खरीदने और अपने पास रखने की छूट है। इसके चलते बड़ी संख्या में लोग हथियार रखते हैं। गन कल्चर के चलते यहां मास शूटिंग आम हो गई है।

Share this article
click me!