धोखाधड़ी के मामले में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) ने सरेंडर किया है। उन्हें करीब 20 मिनट फुल्टन काउंटी जेल में रहना पड़ा। 

वाशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) को कुछ वक्त जेल में बिताना पड़ा है। ट्रम्प ने 2020 में जॉर्जिया में चुनाव में धोखाधड़ी के मामले में गुरुवार को अटलांटा के फुल्टन काउंटी जेल में सरेंडर किया। उन्हें करीब 20 मिनट जेल में रहना पड़ा। इसके बाद वे जेल से बाहर आ सके।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जेल के अंदर ट्रम्प की मग शॉट तस्वीर ली गई। जेल से बाहर आने के बाद ट्रम्प अटलांटा के हर्ट्सफील्ड-जैक्सन हवाई अड्डा गए। यहां से वे अपने प्राइवेट जेट से न्यू जर्सी जाएंगे। 77 साल के ट्रम्प अमेरिका के पहले पूर्व राष्ट्रपति हैं जिन्हें आपराधिक आरोपों का सामना करना पड़ रहा है। वह नवंबर 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में भी लड़ने वाले हैं।

जेल के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

ट्रंप के जेल पहुंचते ही दर्जनों समर्थक बैनर और झंडे लेकर फुल्टन काउंटी जेल के बाहर जुट गए। इसके चलते जेल की सुरक्षा बढ़ाई गई। ट्रम्प पर 13 आरोपों में मामला दर्ज किया गया था। जेल द्वारा ट्रम्प की मग शॉट तस्वीर जारी की गई है। इसमें ट्रम्प की ऊंचाई छह फुट तीन इंच, वजन 97 किलोग्राम और बालों का रंग गोरा या स्ट्रॉबेरी बताया गया है।

ट्रंप पर अप्रैल से अब तक चार बार आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। अटलांटा के लिए उड़ान भरने से पहले ट्रम्प ने कहा कि उन्हें चुनाव में हुई धांधली पर सवाल उठाने के लिए गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "यह अमेरिका में एक और दुखद दिन है।"

इस साल पहले तीन बार गिरफ्तार हुए हैं ट्रम्प
ट्रम्प इससे पहले इस साल तीन बार गिरफ्तार हुए हैं। पहले उन्हें न्यूयॉर्क में एक पोर्न स्टार को गुप्त पैसे देने के आरोप में, फिर फ्लोरिडा में गुप्त सरकारी दस्तावेजों को गलत तरीके से घर ले जाने के आरोप में और वाशिंगटन में बाइडेन से चुनाव हारने के बाद गड़बड़ी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था तीनों मौकों पर ट्रम्प मग शॉट लिए जाने से बच गए थे।

ट्रम्प दो लाख डॉलर का बांड भरकर जेल से बाहर आए। यह गिरफ्तारी ट्रम्प द्वारा विस्कॉन्सिन के मिल्वौकी में आयोजित टेलीविजन बहस में हिस्सा लेने से मना करने के बाद हुई है। बहस में 2024 के रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के नामांकन के लिए उनके आठ प्रतिद्वंद्वी शामिल थे।