
Kenya Landslide: केन्या के पश्चिमी हिस्से माराक्वेट ईस्ट में शनिवार की रात एक भयानक भूस्खलन (Landslide in Kenya) हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। लगातार हो रही भारी बारिश (Heavy Rain in Kenya) ने मिट्टी को इतना कमजोर कर दिया कि आधी रात को पहाड़ खिसक गया और कई घरों को अपने साथ बहा ले गया। गृह मंत्री किपचुम्बा मुरकोमेन ने बताया कि अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग लापता (Missing people in Kenya Landslide) हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार की रात करीब 2 बजे के आसपास एक तेज़ गड़गड़ाहट सुनाई दी। कुछ ही पलों में मिट्टी और पानी का सैलाब उनके घरों पर टूट पड़ा। कई परिवार सोते हुए ही मलबे में दब गए। चश्मदीदों का कहना है कि कुछ इलाकों में घर पूरी तरह मिट्टी में दब गए, जबकि खेत और सड़कें बह गईं।
केन्या में इस समय बरसात का मौसम (Rainy Season in Kenya) चल रहा है, और इस दौरान भूस्खलन और अचानक बाढ़ (Flash Floods) जैसी घटनाएं आम होती हैं, लेकिन इस बार स्थिति कहीं ज़्यादा गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, पश्चिमी केन्या में पिछले एक हफ्ते से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जमीन पूरी तरह भीग चुकी थी। यही वजह रही कि पहाड़ी क्षेत्र में मिट्टी खिसक गई।
गृह मंत्री मुरकोमेन ने ट्वीट कर कहा, "हमने इस त्रासदी में 21 लोगों की मौत की पुष्टि की है। 30 से ज़्यादा लोग अब भी लापता हैं। बचाव अभियान जारी है और हम हर संभव मदद कर रहे हैं।" सरकार ने प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री भेजने, घायलों को हवाई मार्ग से निकालने और बेघर परिवारों के पुनर्वास का आदेश दिया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दो दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। रेड क्रॉस ने लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी और नदी किनारे वाले इलाकों से दूर रहें।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।