हमास के हमले की बाइडेन थ्योरी पर व्हाइट हाउस ने दी सफाई, कहा- समझा गया गलत

Published : Oct 27, 2023, 12:43 PM ISTUpdated : Oct 27, 2023, 12:46 PM IST
John Kirby

सार

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजरायल पर हमास के हमले को भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा से जोड़ा था। इसपर व्हाइट हाउस ने सफाई दी है। 

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजरायल पर हमास के हमले को भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा से जोड़ा था। उन्होंने इस दिशा में हो रही प्रगति को हमले की वजह बताया था। इसके साथ ही कहा कि उनके पास इसका कोई सबूत नहीं है। वह यह बात अपनी अंतरात्मा की आवाज से कह रहे हैं।

बाइडेन के इस बयान की खूब चर्चा हुई। इस बीच व्हाइट हाउस ने इस संबंध में सफाई देते हुए कहा है कि राष्ट्रपति के बयान को गलत समझा गया है। बाइडेन ने बुधवार को कहा था कि उन्हें विश्वास है कि हमास द्वारा इजरायल पर आतंकवादी हमला करने का एक कारण भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा है। हाल ही में नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान इसकी घोषणा की गई थी। यह पूरे क्षेत्र को जोड़ेगा। इसमें रेलमार्ग का नेटवर्क भी शामिल है।

इजरायल पर हमास के हमले के पीछे के कारण के बाइडेन सिद्धांत के बारे में सवाल किए जाने पर गुरुवार को अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के रणनीतिक संचार समन्वयक जॉन किर्बी ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन को "गलत समझा गया"।

बाइडेन बोले- ये मेरे अंतरात्मा की आवाज

भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा की ओर इशारा करते हुए बाइडेन ने कहा था, "मैं इस बात से आश्वस्त हूं कि हमास द्वारा इजरायल पर किए गए हमले का एक कारण उस दिशा में प्रगति है, जिससे पूरा क्षेत्र एकीकृत होता है। हम इजरायल के क्षेत्रीय एकीकरण और पूरे क्षेत्र के एकीकरण की दिशा में काम कर रहे हैं। हम उस काम को पीछे नहीं छोड़ सकते। मेरे पास इसका कोई सबूत नहीं है। यह मेरे अंतरात्मा की आवाज है।"

हमास ने 7 अक्टूबर को किया था इजरायल पर हमला

गौरतलब है कि सात अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर हमला किया था। इसके चलते 1400 लोगों की मौत हुई है। इसके जवाब में इजरायल ने जंग का ऐलान किया और गाजा पर बमबारी शुरू कर दी। शुक्रवार को इस लड़ाई का 21वां दिन है। गाजा में अब तक करीब 7 हजार लोगों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

South Korea seeks 'second wave' of investment in India, eyes defence
PM Modi's successful Seychelles visit marks new era in bilateral ties