
Nepal Rain: नेपाल में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। रविवार को आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने जानकारी दी कि भूस्खलन और अचानक आने वाली बाढ़ के चलते कम से कम 42 लोगों की मौत हुई है। राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
नेपाल के कई इलाकों में शुक्रवार से भारी बारिश हो रही है। इसके चलते नदियां उफना गईं हैं। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण की प्रवक्ता शांति महात ने बताया कि अब तक बारिश से जुड़ी आपदाओं में 42 लोगों की मौत हो चुकी है। 5 लापता हैं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में भारी बारिश के चलते लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने X पर पोस्ट किया, "नेपाल में भारी बारिश से हुई जनहानि और नुकसान दुखद है। इस कठिन समय में हम नेपाल की जनता और सरकार के साथ हैं। एक मित्र जैसे पड़ोसी और सबसे पहले मदद देने वाले के रूप में भारत हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।"
नेपाल के पूर्वी इलाम जिले में भूस्खलन से कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय जिला अधिकारी सुनीता नेपाल ने कहा, "रात भर हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। सड़कें टूट गईं हैं। उनपर मलबा जमा हो गया है। इसके चलते कुछ इलाकों तक पहुंचना मुश्किल है। बचावकर्मी पैदल ही वहां जा रहे हैं।"
नेपाल की राजधानी काठमांडू में भी नदियां उफान पर हैं। इसके चलते उनके किनारे स्थित बस्तियां जलमग्न हो गई हैं। बचाव कार्य में सहायता के लिए हेलीकॉप्टरों और मोटरबोटों के साथ सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें- Darjeeling Bridge Collapse: दार्जिलिंग में भारी बारिश से तबाही, भूस्खलन में 14 की मौत, कई लोग लापता
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई राजमार्ग बंद हो गए हैं। कई उड़ानें बाधित हो गई हैं। इसके चलते सैकड़ों यात्री फंस गए हैं।
यह भी पढ़ें- फिर शुरू हुआ मानसून का तांडव, इन राज्यों में 6-7 अक्टूबर को होगी तूफानी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।