दुनिया में कोरोनाः अब तक 2.45 लाख मौतें, रूस में एक दिन में 10 हजार नए केस; जर्मनी में सशर्त खुलेंगे चर्च

कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 35 लाख 2 हजार 956  हो गई है। जबकि अब तक 2 लाख 45 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। रूस में एक दिन में 10 हजार से अधिक नए केस सामने आए हैं। वहीं, ईरान सरकार ने कम संक्रमण वाले इलाकों में मस्जिदों को खोलने की इजाजत दे दी है। 

Asianet News Hindi | Published : May 3, 2020 4:39 AM IST / Updated: May 03 2020, 05:28 PM IST

वॉशिंगटन. कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 35 लाख 2 हजार 956  हो गई है। जबकि अब तक 2 लाख 45 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। रूस में एक दिन में 10 हजार से अधिक नए केस सामने आए हैं। वहीं, ईरान में कम संक्रमण वाले इलाकों में मस्जिदों को खोलने की इजाजत दे दी गई है। उधर जर्मनी सरकार ने भी सशर्त चर्च को खोलने की अनुमति दी है।

अबू धाबी में भारतीय की मौत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अबू धाबी में 62 वर्षीय एक भारतीय बिजनेसैन की कोरोना से मौत हो गई। पीके करीम हाजी केरल के रहने वाले थे। उनके बेटे मोहम्मद अब्दुल गफूर ने एक मीडिया को बताया कि उसके पिता करीम की मौत गुरुवार को हुई। वे डायबिटीज के मरीज थे। हाजी अबू धाबी केरल मुस्लिम सांस्कृतिक केंद्र के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय इस्लामिक केंद्र और सुन्नी केंद्र के सक्रिय सदस्य थे। 

रूस में एक दिन में 10 हजार नए केस

रूस में 24 घंटे में 10633 नए केस मिले हैं। मरीजों की संख्या अब एक लाख 34 हजार 687 हो गई है। एक दिन पहले यहां 9500 केस मिले थे। यहां 1280 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, रूस ने मास्क और पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) के निर्यात से अस्थायी प्रतिबंध हटा दिया है। पिछले महीने इस पर प्रतिबंध लगाया गया था।

अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 29 हजार नए केस 

अमेरिका में एक दिन में 29 हजार 744 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 11 लाख 60 हजार 996 हो गई है। देश के अलबामा और आइडाहो समेत कई राज्यों ने प्रतिबंधों में ढील देने शुरू कर दिए हैं। वहीं, टेक्सास में राज्य के 2 लाख 90 हजार लोगों से स्टे-ऐट-होम ऑर्डर हटा लिया गया है। यहां पिछले 24 घंटे में 1691 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद यहां मरने वालों की संख्या 67 हजार 448 हो गई है। 

जर्मनी में शर्तों के साथ चर्च खोले जाएंगे

जर्मनी में कई हफ्तों तक धार्मिक नेताओं और अधिकारियों के बीच चर्चा होने के बाद कुछ शर्तों के साथ चर्च खोले जाएंगे। लोग सीमित संख्या में इकट्ठा हो सकते हैं। पादरियों को मास्क पहनकर प्रार्थना करानी होगी। गाने पर प्रतिबंध रहेगा। धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई का ध्यान रखा जाएगा। लोगों को आपस में कम से कम दो मीटर की दूरी रखनी होगी। उधर, लॉकडाउन के खिलाफ जर्मनी के स्टटगार्ट और बर्लिन में सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। जर्मनी में अब तक 1 लाख 64 हजार 967 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। जबकि अब तक 6812 लोगों की मौत हो चुकी है। 

ब्रिटेन में पिछले 24 घंटे में 4806 नए कोरोना मरीज 

ब्रिटेन में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। यहां अब तक 1 लाख 82 हजार 260 लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि पिछले 24 घंटे में 4806 नए केस सामने आए हैं। वहीं, मौत का भी आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। यहां शनिवार को 621 लोगों ने दम तोड़ा है। जिसके बाद अब तक 28 हजार 131 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, ब्रिटिश मंत्री रॉबर्ट जेनरिक ने कहा कि सरकार कोरोना से पीड़ित कमजोर समूहों की मदद के लिए और 76 मिलियन पाउंड का आवंटन करेगी। 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिश जॉनसन और उनकी मंगेतर कैरी साइमंड्स ने अपने बेटे का नाम उन दो डॉक्टरों के नाम पर रखा है, जिन्होंने पिछले महीने बोरिस जॉनसन का इलाज किया था। जॉनसन कोरोना संक्रमित होने के बाद लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने अपने बेटे का नाम विल्फ्रेंड लॉरी निकोलस रखा है। 

इटली में  474 नई मौतें 

इटली में शनिवार को 474 लोगों की मौत हो गई। यहां मरने वालों का आंकड़ा 28 हजार 710 हो गया है। इटली के नागरिक सुरक्षा विभाग के मुताबिक, देश में 79 हजार 914 मरीज ठीक हो चुके हैं। यहां संक्रमण के दो लाख से ज्यादा मामले हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में यहां संक्रमण के 1900 नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले शुक्रवार को यहां 1965 मरीज सामने आए थे। 

स्पने में अब तक 25 हजार से अधिक मौतें 

स्पेन में सोमवार से पब्लिक ट्रांसपोर्ट में मास्क लगाना जरूरी हो गया है। पीएम पेड्रो सांचेज ने कहा कि सरकार 60 लाख मास्क ट्रांसपोर्ट लोकेशन पर और 70 लाख स्थानीय अधिकारियों को बांटेगी। यहां लॉकडाउन में ढील दी जाएगी। यहां पिछले हफ्ते 14 साल के बच्चों को भी ढील दी गई थी। स्पेन में संक्रमित मरीजों की संख्या 2 लाख 45 हजार 567 हो गई है। जबकि अब तक 25 हजार 100 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां पिछले 24 घंटे में 2588 नए केस सामने आए हैं। जबकि 276 लोगों की मौत हुई है। 

फ्रांस में अब तक 24 हजार मौतें, दो महीने बढ़ सकता है आपातकाल 

फ्रांस सरकार ने साफ कर दिया है कि वो महामारी से निपटने के लिए आपातकाल दो महीने बढ़ाने जा रही है। कैबिनेट का प्रस्ताव मंगलवार को संसद के सामने पेश किया जाएगा। यहां अब तक 24 हजार 760 की जान जा चुकी है, जबकि एक लाख 68 हजार 396 संक्रमित हैं। शनिवार को यहां 1050 नए केस सामने आए हैं। जबकि 166 लोगों की मौत हुई है। 

Share this article
click me!