
Pakistan Airstrike Afghanistan: पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर हाल ही में जो घटनाएं हुई हैं, उन्होंने दोनों देशों के बीच तनाव को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। शुक्रवार को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हवाई हमला किया। इसमें कम से कम 3 अफगान क्रिकेटरों समेत आठ नागरिक मारे गए और 4 गंभीर रूप से घायल हुए। यह हमला उस समय हुआ जब दोनों देश कुछ दिन पहले ही 48 घंटे के लिए सीजफायर पर राजी हुए थे।
तालिबान अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए पक्तिका के तीन क्षेत्रों में बमबारी की। अफगानिस्तान ने इसे गंभीर माना और चेतावनी दी कि हमारा जवाब जल्द आएगा। यह हमले डूरंड लाइन के पास हुए, जो दोनों देशों की विवादित सीमा है।
पाकिस्तानी हमले में कई घर और बाजार भी प्रभावित हुए। काबुल के चौथे जिले में एक स्कूल को भी भारी नुकसान पहुंचा। इस स्कूल में 500 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। भाग्य से हमले के समय छात्र घर पर थे, इसलिए किसी की जान नहीं गई। स्कूल अधिकारी मोहम्मद सादिक ने कहा, "आज जब बच्चों और परिवारों ने स्कूल देखा, कई की आंखों में आंसू थे। यह एक शैक्षणिक स्थान है, कोई सैन्य ठिकाना नहीं।"
तालिबान ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने काबुल पर दो ड्रोन हमले किए। पुलिस के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम 5 लोगों की मौत हुई और दर्जनों घायल हुए। UN के मुताबिक, इस हफ्ते अफगानिस्तान के 6 प्रांतों में 37 नागरिक मारे गए और 425 घायल हुए।
अफगानिस्तान में टीटीपी के दो गुट पाकिस्तान के खिलाफ एक हो गए हैं। ये गुट तालिबान के साथ मिलकर सीमा पर अपनी ताकत दिखा रहे हैं। इससे सीमा तनाव और बढ़ गया है और पाकिस्तान ने इसको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत से जुड़े प्रॉक्सी युद्ध से जोड़ा।
दोनों देशों ने सीजफायर बढ़ाने पर सहमति जताई है, लेकिन हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। अफगानिस्तान ने जवाब देने की चेतावनी दी है और पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।