
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के लसबेला में रविवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में 41 लोगों की मौत हो गई। 48 यात्रियों को लेकर बस क्वेटा से कराची जा रही थी। इसी दौरान लसबेला में बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे 41 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
लासबेला के सहायक आयुक्त हमजा अंजुम ने बताया है कि बस में लगभग 48 यात्री सवार थे। खाई में गिरने के बाद बस में आग लग गई थी। हादसा तेज रफ्तार में यू-टर्न लेने के दौरान हुआ। बस अनियंत्रित होकर पहले खंभे से टकराई फिर खाई में गिर गई। बस में सवार अधिकतर लोगों की मौत गिरने और जलने के चलते हुई। जलने के चलते मारे गए यात्रियों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था।
मृतकों की पहचान के लिए होगा DNA टेस्ट
हमजा अंजुम ने बताया कि मृतकों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। मृतकों के डीएनए का मिलान उनके परिजनों के डीएनए से कराया जाएगा। घायलों को इलाज के लिए लासबेला के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक महिला और एक बच्चा समेत तीन लोगों की जान बचा ली गई। घायलों की स्थिति नाजुक है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें- अफगानिस्तान की तालिबान सरकार का फरमान, यूनिवर्सिटी की प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं होंगी महिलाएं
इस बीच एधी फाउंडेशन के साद एधी ने बताया है कि दुर्घटनास्थल से अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया। दमकल की टीम और प्रशासनिक अधिकारी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। इसके बाद आग बुझाया गया।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।