महामारी की तरह फैली मलेरिया की बीमारी तो पाकिस्तान को आई अकल, भारत से खरीदेगा 62 लाख मच्छरदानी

बाढ़ के बाद पाकिस्तान में बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। बाढ़ प्रभावित जिलों में मलेरिया महामारी की तरह फैल रही है। इसके चलते पाकिस्तान भारत से 62 लाख से अधिक मच्छरदानी खरीदेगा। WHO ने जनवरी 2023 तक बाढ़ प्रभावित पाकिस्तान के 32 जिलों में 2.7 मिलियन मलेरिया के मामलों की चेतावनी दी थी।

Asianet News Hindi | Published : Oct 12, 2022 4:55 PM IST / Updated: Oct 13 2022, 12:44 AM IST

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में बाढ़ के बाद अब बीमारियों ने लोगों को जीना मुहाल कर दिया है। मरेलिया महामारी की तरह फैल गई है। लोगों को दवाएं नहीं मिल रहीं हैं। स्थिति यह है कि पाकिस्तान अपने लोगों को मच्छर से बचने के लिए मच्छरदानी तक देने तक की स्थिति में नहीं है। संकट बढ़ने पर पाकिस्तान को अकल आती दिख रही है। वह भारत से 62 लाख मच्छरदानी खरीदेगा।

पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट जियो टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, मलेरिया के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए पाकिस्तान भारत से 62 लाख से अधिक मच्छरदानी खरीदेगा। अभूतपूर्व बाढ़ के कारण पाकिस्तान में मलेरिया और अन्य बीमारीयां तेजी से फैल रही हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) पाकिस्तान के लिए मच्छरदानी हासिल करने के लिए ग्लोबल फंड द्वारा उपलब्ध कराए गए वित्तीय संसाधनों का उपयोग कर रहा है।

32 जिलों में तेजी से फैल रहा मलेरिया
डब्ल्यूएचओ के अधिकारियों ने कहा कि वे जल्द से जल्द मच्छरदानी प्राप्त करने की योजना बना रहे हैं। उम्मीद है कि अगले महीने तक वाघा बॉर्डर से मच्छरदानी भारत से पाकिस्तान पहुंचा दी जाएगी। मरीजों के इलाज में दिक्कतों का सामना कर रहे स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के 32 बाढ़ प्रभावित जिलों में मलेरिया तेजी से फैल रहा है। यहां हजारों बच्चे मच्छर जनित बीमारी से संक्रमित हैं। 

बाढ़ से हुई 1,700 लोगों की मौत
जून के मध्य से अभूतपूर्व बारिश के कारण पाकिस्तान में आई सबसे भीषण बाढ़ में 1,700 से अधिक लोग मारे गए थे और 3.3 करोड़ लोग विस्थापित हुए थे। देश का एक तिहाई हिस्सा पानी में डूब गया था। सितंबर में डब्ल्यूएचओ ने चेतावनी दी थी कि मलेरिया जैसी बीमारियों में वृद्धि दूसरी आपदा का कारण बन सकती है। पिछले सप्ताह डब्ल्यूएचओ ने जनवरी 2023 तक बाढ़ प्रभावित पाकिस्तान के 32 जिलों में 2.7 मिलियन मलेरिया के मामलों की चेतावनी दी थी।

यह भी पढ़ें- खतरों से खेलने में माहिर हैं एक मुस्लिम देश की आदिवासी महिलाएं, जानिए कौन हैं ये बख्तियारी लोग

डब्ल्यूएचओ के अनुसार मलेरिया एक जानलेवा बीमारी है। यह परजीवियों के कारण होती है जो संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छरों के काटने से लोगों में फैलती है। मलेरिया का इलाज और रोकथाम हो सकता है। 2020 में दुनिया भर में मलेरिया से 241 मिलियन लोग बीमार हुए थे। 2020 में मलेरिया करीब 6.27 लाख लोगों की दुनियाभर में मौत हुई। 

यह भी पढ़ें- Russia Ukraine war: परमाणु हमले की धमकी के बीच सोशल मीडिया पर जेलेंस्की और बाइडेन निशाने पर आए

Share this article
click me!