अमेरिका तक परमाणु हमला करने वाली मिसाइल बना रहा पाकिस्तान, खुफिया एजेंसियों ने किया खुलासा

Published : Jun 25, 2025, 03:30 PM ISTUpdated : Jun 25, 2025, 03:42 PM IST
Shaheen III

सार

पाकिस्तान गुप्त रूप से अमेरिका तक मार करने वाली मिसाइल बना रहा है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने इस खतरे का खुलासा किया है। क्या होगा अगर पाकिस्तान के पास ऐसी मिसाइल आ गई?

Pakistan Nuclear Weapons: पाकिस्तान की सेना बेहद गुप्त तरीके से परमाणु हमला करने में सक्षम ICBM (Intercontinental Ballistic Missile) विकसित कर रही है। यह मिसाइल अमेरिका तक पहुंच सकेगी। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने यह खुलासा किया है।

'फॉरेन अफेयर्स' की यह रिपोर्ट उन रिपोर्टों के बीच आई है, जिनमें कहा गया है कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के बाद पाकिस्तान चीन की मदद से अपने परमाणु हथियारों के भंडार को अपग्रेड करने पर विचार कर रहा है।

अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि पाकिस्तान ऐसी मिसाइल विकसित कर लेता है तो अमेरिका उसे अपना परमाणु विरोधी घोषित कर देगा। ऐसा देश जिसके पास परमाणु हथियार हो और वह अमेरिका के लिए संभावित खतरा हो तो उसे परमाणु विरोधी माना जाता है। इस समय अमेरिका के लिए रूस, चीन और उत्तर कोरिया परमाणु विरोधी हैं।

अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, "यदि पाकिस्तान को ICBM मिल जाता है तो वाशिंगटन के पास उसे परमाणु विरोधी मानने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा। अमेरिका को निशाना बना सकने वाले ICBM वाले किसी भी अन्य देश को मित्र नहीं माना जाएगा।"

कितनी है पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की रेंज?

पाकिस्तान ने हमेशा दावा किया है कि उसका न्यूक्लियर प्रोग्राम पूरी तरह भारत को रोकने पर केंद्रित है। उसकी नीति कम और मध्यम दूरी तक मार करने वाली मिसाइल विकसित करने की है।

वहीं, ICBM ऐसे मिसाइल को कहते हैं जो एक महाद्वीप से दूसरे महाद्वीप में जाकर मार कर सके। ये मिसाइल 5,500km से अधिक दूर तक मार करने में सक्षम होती हैं। इनमें पारंपरिक और न्यूक्लियर दोनों तरह के हथियार लगाए जा सकते हैं। इस समय पाकिस्तान के पास कोई ICBM नहीं है।

2022 में पाकिस्तान ने सतह से सतह पर मार करने वाली शाहीन तीन (Shaheen-III) मिसाइल टेस्ट किया था। यह मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है। यह 2700km से अधिक दूरी तक मार कर सकती है। भारत के कई शहर इसके रेंज में हैं।

पाकिस्तान क्यों विकसित कर रहा अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल?

अब जब खुफिया जानकारी सामने आई है कि पाकिस्तान अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल विकसित कर रहा है तो कई सवाल उठ रहे हैं। भारत के लिए उसे अमेरिका तक मार करने वाले मिसाइल की जरूरत नहीं। जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान की मंशा किसी एहतियाती हमले की स्थिति में अपने परमाणु शस्त्रागार को नष्ट करने से अमेरिका को रोकना है। भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से टकराव हुआ तो पाकिस्तान अपने इस मिसाइल से अमेरिका को भारत की ओर से हस्तक्षेप करने से रोक सकेगा।

पाकिस्तान को लंबी दूरी की मिसाइल बनाने से कैसे रोकेगा अमेरिका?

अमेरिका प्रतिबंध लगाकर पाकिस्तान को लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइल बनाने से रोकने की कोशिश कर रहा है। अमेरिका में इस बात पर चिंता है कि पाकिस्तान ऐसी मिसाइल बना रहा है जो उस तक पहुंच सके। पिछले साल, अमेरिका ने पाकिस्तान पर लंबी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से संबंधित नए प्रतिबंध लगाए थे।

ये प्रतिबंध मिसाइल कार्यक्रम की देखरेख करने वाली सरकारी रक्षा एजेंसी नेशनल डेवलपमेंट कॉम्प्लेक्स और तीन अन्य कंपनियों पर लगाए गए हैं। इन कंपनियों से जुड़ी किसी भी अमेरिकी संपत्ति को जब्त कर लिया गया है और अमेरिकी कंपनियों को उनके साथ व्यापार करने से रोक दिया गया है।

पाकिस्तान के पास कितने हैं परमाणु हथियार?

पाकिस्तान के पास करीब 170 परमाणु हथियार हैं। इसने परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर साइन नहीं किया है। इस संधि का उद्देश्य परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकना और परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना है।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

ट्रंप की नई NSS: आखिर भारत क्यों बन गया US की सबसे बड़ी जरूरत? चीन का डर या फिर कोई और गेम!
पुतिन अब तक एक बार भी पाकिस्तान क्यों नहीं गए? पाक एक्सपर्ट ने खुद गिनाई वजह