
लिस्बन. पुर्तगाल के 71 साल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने शनिवार को दो लड़कियों को समुद्र में डूबने से बचाया। मार्सेलो रेबेलो का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इतना ही नहीं 71 साल के बुजुर्ग राष्ट्रपति के इस प्रयास की दुनियाभर में प्रशंसा हो रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़कियों की डोंगी पलट गई थी। वे लड़कियां समुद्र में डूबने लगी थीं। तभी राष्ट्रपति रेबेलो डी सूसा तैरकर उनके पास पहुंचे और एक व्यक्ति की मदद से उनकी जान बचाई।
छुट्टियां बिता रहे थे राष्ट्रपति
कोरोना के चलते अन्य देशों की तरह पुर्तगाल का भी पर्यटन सेक्टर बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोगों को एक बार फिर घर से निकलने को प्रेरित करने के लिए राष्ट्रपति खुद इस क्षेत्र में छुट्टियां बिता रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि दो महिलाएं समुद्र में फंसी हैं। वे बहकर परिआ डो अल्वोर में पहुंच गई। समुद्र में भी काफी ऊंची लहरें उठ रही थीं। तेज लहरों के चलते महिलाएं तैर भी नहीं पा रही थीं।
हार्ट के मरीज हैं राष्ट्रपति
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, राष्ट्रपति रेबेलो डी सूसा हार्ट के मरीज हैं। इसके बावजूद वे मदद के लिए आगे आए। उनकी मदद के लिए पहुंचे एक और व्यक्ति को उन्होंने देशभक्त करार दिया। इतना ही नहीं, राष्ट्रपति ने लड़कियों को सलाह दी कि वे आगे से ज्यादा सतर्कता के साथ समुद्र में जाएं।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।