
Tsunami Hits US: रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार सुबह आए 8.8 तीव्रता के भूकंप के चलते उठी सुनामी अमेरिका के हवाई और अलास्का तक पहुंच गईं हैं। हवाई में 10 फीट तक ऊंची लहरें उठने की आशंका है। अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं। सुनामी की पहली लहरें अलास्का तक पहुंच गईं हैं। PTWC (Pacific Tsunami Warning Center) ने बताया है कि सुनामी लहरें तटीय क्षेत्रों पर असर डालना शुरू कर चुकी हैं। हवाई में अब तक सबसे ऊंची 4 फीट की लहर आई है। यह ओआहू के उत्तरी तट पर स्थित हेलीवा में आई। लहरें लगभग 12 मिनट के अंतराल पर आईं।
रूस के सुदूर पूर्व में पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की के पास तट पर स्थानीय समयानुसार करीब 03:17 बजे भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 8.8 मापी गई। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, यह आधुनिक इतिहास में दुनिया भर में दर्ज किए गए 10 सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है। भूकंप के बाद कई तेज झटके आए। इनमें सबसे तेज 6.9 तीव्रता का था।
रूस में आए भूकंप के बाद अमेरिका ने अपने प्रशांत तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी की है। लोगों से समुद्र तट से दूर करने के लिए कहा गया है। निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। हवाई, अलास्का के अल्यूशियन द्वीप समूह के कुछ हिस्सों और उत्तरी कैलिफोर्निया के कुछ हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी है।
यह भी पढ़ें- Russia Earthquakes: क्या है सुनामी, क्यों आती है, बचने के लिए क्या करें?
जापान में बुधवार सुबह से ही सुनामी की लहरें पहुंच रहीं हैं। यहां तट के पास रहने वाले करीब 20 लाख लोगों को अपने घर खाली करने और सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। चिबा प्रान्त के इनागे बीच सहित समुद्र तटीय क्षेत्रों में सुरक्षा घेरे स्थापित किए गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।