Tsunami Warning: रूस में आए 8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद प्रशांत महासागर के किनारे मौजूद देशों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। आइए जानते हैं सुनामी क्या है और इसके आने पर क्या करना चाहिए।
Russia Earthquake: रूस के सुदूर पूर्व में स्थित कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार तड़के आए 8.8 तीव्रता के भूकंप ने दुनिया को खौफ में डाल दिया है। रूस, जापान, अमेरिका से लेकर न्यूजीलैंड तक में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। जापान के तटों पर सुनामी आनी शुरू हो गई है। आइए जानते हैं ये सुनामी है क्या और इसके आने का खतरा हो तो क्या करना चाहिए।
सुनामी क्या है?
सुनामी समुद्र के नीचे भूकंप या ज्वालामुखी विस्फोटों के कारण पैदा होने वाली विशाल लहरें हैं। समुद्र की गहराई में सुनामी लहरों की ऊंचाई में बहुत अधिक वृद्धि नहीं होती है। ये हजारों किलोमीटर दूर जा सकती हैं। तट के पास जैसे ही समुद्र की गहराई कम होती है ये लहरें ऊंची होती जाती हैं। सुनामी लहरों की गति लहर के स्रोत से दूरी के बजाय समुद्र की गहराई पर निर्भर करती है। सुनामी लहरें गहरे पानी में जेट विमानों जितनी तेज रफ्तार से यात्रा कर सकती हैं। उथले पानी में पहुंचने पर ये धीमी हो जाती हैं।
क्यों शुरू होती है सुनामी?
सुनामी आमतौर पर बड़े समुद्री भूकंपों के कारण आती है। समुद्र के नीचे बड़े भूकंप आने से बड़ी मात्रा में पानी विस्थापित होती है। इससे लंबी लहरों की एक श्रृंखला पैदा होती है। यह समुद्र में लंबी दूरी तय कर सकती हैं और कभी-कभी जमीन तक पहुंचने तक 100 फीट से भी ज्यादा ऊंची हो जाती हैं। सुनामी के अन्य कारणों में ज्वालामुखी विस्फोट, भूस्खलन और उल्कापिंडों का गिरना शामिल हैं। हालांकि, अधिकांश सुनामी भूकंप के कारण पैदा होती हैं।
सुनामी आए तो क्या करें?
रूस में आए भीषण भूकंप के चलते प्रशांत महासागर के आस-पास के लोगों को सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। भारत को इससे खतरा नहीं है। आइए जानते हैं अगर सुनामी आने वाली हो तो क्या करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- Russia Earthquake: जापान के बंदरगाह पर उठीं 50cm ऊंची सुनामी लहरें, किनारे पर आईं व्हेल
ऊंचे स्थान पर चले जाएं: निचले तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जल्द से जल्द ऊंचे स्थान पर चले जाना चाहिए। अगर आप ऊंची जगह पर नहीं पहुंच सकते, तो सबसे ऊंचा स्थान खोजें।
बह जाएं तो किसी तैरती हुई चीज को पकड़ें: यदि आप अशांत धारा में फंस जाएं तो किसी ऐसी चीज को पकड़ लें जो तैर सकती हो, जैसे कि दरवाजा या पेड़ का तना।
जब तक सब कुछ साफ न हो जाए, तब तक तटीय क्षेत्रों में वापस न लौटें: ऐसा करने से पहले सुनिश्चित कर लें कि स्थानीय प्राधिकारी तटीय क्षेत्रों में लौटने के लिए अनुमति दे चुके हैं।
