क्या यूक्रेन में रूस की जंग लड़ रहे उत्तर कोरिया के सैनिक, क्या होगा इसका असर?

Published : Oct 21, 2024, 03:03 PM ISTUpdated : Oct 21, 2024, 03:05 PM IST
North Korean Soldiers

सार

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उत्तर कोरियाई सैनिक रूस में ट्रेनिंग लेते दिख रहे हैं। क्या ये सैनिक यूक्रेन युद्ध में रूस का साथ देंगे? जानें इस दावे की सच्चाई।

वर्ल्ड डेस्क। ढाई साल से अधिक समय से रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई (Russia Ukraine War) चल रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दावा किया गया है कि उत्तर कोरिया के सैनिकों को रूस के सुदूर पूर्व में तैनात किया जा रहा है। ये यूक्रेन से हो रही लड़ाई में रूस के लिए लड़ेंगे। दक्षिण कोरिया और यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि उत्तर कोरिया के हजारों सैनिक लड़ाई में शामिल होंगे। अगर यह सच है तो इसका मतलब है युद्ध और तेज होगा।

यूक्रेन द्वारा जारी किए गए वीडियो में रूस के सुदूर पूर्व में ट्रेनिंग करते उत्तर कोरियाई सैनिकों को दिखाया गया है। वीडियो की क्वालिटी खराब है। इसमें सैनिकों को कोरियाई भाषा में बात करते सुना जा सकता है। इसपर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि यह सभी के लिए हानिकारक हो सकती है।

 

 

क्या उत्तर कोरिया के सैनिक रूस के लिए लड़ रहे हैं?

हाल ही में कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें उत्तर कोरियाई सैनिकों को रूस के एक ट्रेनिंग मैदान में वर्दी और उपकरण प्राप्त करते हुए दिखाया गया है। CNN ने बताया है कि सैनिकों से एक फॉर्म भरने के लिए कहा गया था। इसमें टोपी, हेडगियर, वर्दी और जूतों के लिए उनके आकार बताने थे।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में हजारों उत्तर कोरियाई सैनिकों को रूस और चीन की सीमा के पास सर्गेवका ट्रेनिंग मैदान में आते हुए दिखाया गया है। ये वीडियो दक्षिण कोरिया और यूक्रेन द्वारा पहले किए गए दावे की पुष्टि करते हैं। 8 अक्टूबर को दक्षिण कोरियाई रक्षा मंत्री किम योंग-ह्यून ने संसद में कहा कि उत्तर कोरिया सेना भेजकर यूक्रेन में रूस के युद्ध का समर्थन कर सकता है।

18 अक्टूबर को दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने बताया था कि रूस की नौसेना ने 8 अक्टूबर से 13 अक्टूबर के बीच लगभग 1,500 उत्तर कोरियाई सैनिकों को व्लादिवोस्तोक पहुंचाया था। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पिछले सप्ताह नाटो की एक सभा में कहा था कि "हजारों" उत्तर कोरियाई सैनिक रूस की ओर जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बहुत भयंकर है इजराइल का इरादा, ईरान के खिलाफ जानें क्या होगा अगला कदम

 

 

20 अक्टूबर को जेलेंस्की ने फिर कहा कि रूस और उत्तर कोरिया के बीच बात हथियारों के लेनदेन तक सीमित नहीं है। उत्तर कोरिया से सैनिकों को रूस के लिए लड़ने के लिए लाया जा रहा है। उन्होंने सहयोगियों से आग्रह किया कि वे आगे आएं और रूस को युद्ध के इस नए चरण से रोकें।

यूक्रेन के सामरिक संचार और सूचना सुरक्षा केंद्र के प्रमुख इहोर सोलोवे के कहा है कि ये वीडियो इस बात का सबूत हैं कि उत्तर कोरिया युद्ध में शामिल हो गया है। यूक्रेनी रक्षा खुफिया निदेशालय के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल किरिलो बुडानोव ने बताया है कि यूक्रेन में लड़ने के लिए पूर्वी रूस में लगभग 11,000 उत्तर कोरियाई सैनिक ट्रेनिंग ले रहे हैं।

उत्तर कोरिया के सैनिकों के जंग में शामिल होने पर रूस क्या कहता है?

रूस इन दावों से इनकार किया है कि उत्तर कोरिया के सैनिक यूक्रेन के साथ हो रही लड़ाई में शामिल होने जा रहे हैं। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि यह फर्जी खबर लगती है। रूस द्वारा दावों का खंडन किए जाने के बावजूद रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरियाई सैनिकों की तैनाती हो सकती है। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय संबंधों के व्याख्याता एडवर्ड हॉवेल ने कहा, "हम इस संभावना से इनकार नहीं कर सकते। हम जानते हैं कि रूस को सैनिकों की जरूरत है।"

क्या उत्तर कोरिया ने रूस को दिए हैं हथियार?

दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया ने रूस को हथियार और गोला-बारूद दिए हैं। सितंबर 2022 की शुरुआत में ही अमेरिका ने उत्तर कोरिया पर रूस को हथियार मुहैया कराने का आरोप लगाया था। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री शिन वोनसिक ने बताया है कि उत्तर कोरिया से रूस भेजे जा रहे कम से कम 10 हजार शिपिंग कंटेनरों का पता चला है। इनमें रूस द्वारा यूक्रेन पर बमबारी में इस्तेमाल किए गए 4.8 मिलियन तोप के गोले हो सकते हैं।

रूस-यूक्रेन जंग में उत्तर कोरियाई सैनिकों की तैनाती के क्या हैं मायने?

यूक्रेन युद्ध में उत्तर कोरियाई सैनिकों की तैनाती खतरनाक कदम है। इससे यूक्रेन की सेना पर बोझ बढ़ेगा। दूसरी ओर सैनिक भेजने के बदले रूस उत्तर कोरिया को आर्थिक मदद दे सकता है। उसे रूसी सैन्य तकनीक भी मिल सकती है। उत्तर कोरिया को अपने हथियारों का असली लड़ाई में टेस्ट करने का मौका मिलेगा। पुतिन के लिए उत्तर कोरियाई सैनिकों की मौजूदगी फायदेमंद है।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Asian Games 2026: 26 सितंबर को भारत के कितने मेडल? Lakshya Sen, Kabaddi, Shooting समेत देखें पूरा शेड्यूल
Air Force One: ट्रंप के विमान से CNN बाहर, Air Force One में जगह न मिलने पर फिर बढ़ा विवाद