
Shinzo Abe Attacked: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को शुक्रवार के दिन चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई। अस्पताल में 6 घंटे तक चले इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिंजो आबे पर हुए जानलेवा हमले के बाद उन्हें फौरन एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया। बता दें कि शिंजो आबे जब नारा शहर में एक चुनावी सभा में भाषण दे रहे थे तभी हमलावर ने उन पर पीछे से गोलियां दाग दीं। नारा के रहने वाले 42 साल के हमलावर तेत्सुया यामागामी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि जापान में गोलीबारी की घटनाएं बेहद कम होती हैं, इसकी वजह वहां का सख्त गन कानून है।
क्या कहता है जापान का गन कानून?
दुनिया में सबसे ज्यादा हल्का गन कानून अमेरिका में है। यही वजह है कि वहां के लोगों के पास सबसे ज्यादा बंदूकें और हथियार हैं। वहीं इसकी तुलना में जापान में दुनिया का सबसे सख्त बंदूक कानून है। करीब 13 करोड़ की आबादी वाले जापान में बेहद कम लोगों के पास ही हथियार हैं। यही वजह है कि यहां बंदूक से कम ही लोगों की जान जाती है। जापान में बंदूक का लाइसेंस पाने की प्रॉसेस बेहद लंबी और कठिन है। हालांकि, शिंजो आबे पर हुए हमले ने जापान के गन कंट्रोल कानून पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इन 10 देशों में हर प्रति 100 लोगों पर सबसे ज्यादा बंदूकें:
दुनिया में कई देश ऐसे हैं, जहां हथियार सब्जी-भाजी की तरह बिकते हैं। यही वजह है कि वहां हर 100 लोगों में औसतन सबसे ज्यादा हथियार हैं। 2018 में आए स्माल आर्म्स सर्वे के मुताबिक, 2006 तक दुनिया में 65 करोड़ हथियार थे जो कि 2017 में बढ़कर 85 करोड़ हो गए। इनमें 85% हथियार आम लोगों के पास, 13% हथियार सेनाओं के पास, जबकि 2% कानूनी एजेंसियों के पास हैं। बता दें कि दुनिया में सबसे ज्यादा हथियार अमेरिकी लोगों के पास हैं। आइए जानते हैं वर्ल्ड के 10 ऐसे देश जहां प्रति व्यक्ति सबसे ज्यादा हथियार हैं।
| देश | प्रति 100 लोगों पर सबसे ज्यादा हथियार |
| अमेरिका | 120.5 |
| यमन | 52 |
| मॉन्टेनेग्रो | 39.1 |
| सर्बिया | 39.1 |
| कनाडा | 34.7 |
| उरुग्वे | 34.7 |
| साइप्रस | 34 |
| फिनलैंड | 32.4 |
| लेबनान | 31.9 |
| आइसलैंड | 31.7 |
ये भी देखें :
कौन हैं शिंजो आबे जिन पर सरेआम बरसाई गोलियां, सबसे लंबे समय तक रहे जापान के प्रधानमंत्री
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।