
ओटावा। कनाडा में साथी के साथ हुए विवाद में पांच लोगों की हत्या हुई है। एक व्यक्ति ने अपनी महिला साथी की गोली मारकर हत्या की। इसके साथ ही उसने 6-12 साल के तीन बच्चों को भी मौत के घाट उतार दिया। आखिर में उसने खुद को गोली मार ली।
कनाडाई पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसे पांच लोगों के शव मिले हैं। सभी की मौत गोली लगने से हुई है। इनमें तीन बच्चे और शूटर शामिल हैं। घटना उत्तरी ओन्टारियो शहर की है। पुलिस ने गोलीबारी को "अंतरंग साथी हिंसा" का परिणाम बताया है। गोलीबारी पास के दो घरों में हुई।
मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुई गोलीबारी
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी मंगलवार रात करीब 10:30 बजे (स्थानीय समय अनुसार) हुई। इसमें 6 साल, 7 साल और 12 साल के बच्चे तथा 41 साल की एक महिला की हत्या हुई। पुलिस के अनुसार उसे रात करीब 10:30 बजे फोन आया था। उन्होंने टेंक्रेड स्ट्रीट के एक घर में एक 41 साल की महिला को मृत पाया था।
10 मिनट बाद पुलिस को एक और फोन कॉल आया। इसमें बताया गया कि पास के घर में गोलीबारी हुई है। पुलिस पहुंची तो तीन बच्चे मृत मिले। गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। इनके अलावा पुलिस अधिकारियों को एक 44 साल के व्यक्ति का शव भी मिला। उसकी मौत खुद को मारी गई गोली से हुई थी। प्राथमिक जांच में पाया गया है कि अलग-अलग स्थानों पर हुई ये मौतें आपस में जुड़ी हुई थीं और अंतरंग साथी की हिंसा का परिणाम थीं।
मैरी पुलिस प्रमुख ह्यू स्टीवेन्सन ने गोलीबारी पर कहा, "हमारा समुदाय एक बार फिर दुखद और अनावश्यक जीवन हानि का सामना कर रहा है। पीड़ितों के परिवार, दोस्त और प्रियजन जिस दुख का सामना कर रहे हैं उसकी कल्पना नहीं की जा सकती। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि कृपया एक-दूसरे का ख्याल रखें। यदि आप संघर्ष कर रहे हैं, या यदि आप अपने किसी परिचित को संघर्ष करते हुए देखते हैं तो मानसिक स्वास्थ्य सहायता का उपयोग करें।"
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।