
वर्ल्ड डेस्क। दक्षिण कोरिया के मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हुए विमान हादसे में 179 लोगों की मौत हो गई। विमान में 181 लोग सवार थे। सिर्फ दो लोगों की जान बच सकी। फ्लाइट अटेंडेंट 32 साल के ली और 25 साल की क्वोन अस्पताल में भर्ती हैं उनका इलाज चल रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार हादसे के बाद दोनों बेहोश स्थिति में मिले। उनकी सांसें चल रहीं थी। बचाव कर्मियों ने उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद वे घटना को याद नहीं कर पाए। उनसे उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा गया तो वे भ्रमित दिखे।
कोरिया टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार चालक दल के सदस्य ली होश में आए तो डॉक्टर ने उनसे घटना को लेकर पूछा। ली ने अपनी चोटों के बारे में बताने के बजाय डॉक्टरों से पूछा, "क्या हुआ? मैं यहां क्यों हूं?"
डॉक्टरों के अनुसार ली की यह प्रतिक्रिया सदमे के कारण हो सकती है। अस्पताल के एक कर्मचारी ने कहा, "ऐसा लगता है कि वह घबराए हुए थे। संभव है कि वे विमान और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे।" रिपोर्ट के अनुसार, ली विमान के पिछले हिस्से में यात्रियों की सहायता के लिए तैनात थे। उन्हें गंभीर चोटें आईं। बाएं कंधे में फ्रैक्चर हो गया। सिर में चोट लगी है।
एक अन्य फ्लाइट अटेंडेंट 25 साल की क्वोन का इलाज मोकपो सेंट्रल अस्पताल में चल रहा है। क्वोन के सिर पर चोट लगी है। टखने में फ्रैक्चर है। पेट में भी चोट लगी है। होश में आने के बाद उन्होंने सिर, टखने और पेट में दर्द की शिकायत की, लेकिन ली की तरह ही वह हादसे को याद नहीं कर सकीं। अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि उनकी जान को खतरा नहीं है। क्वोन भी हादसे के समय विमान के टेल सेक्शन में थीं।
बता दें कि रविवार सुबह 9.07 बजे जेजू एयर की फ्लाइट 7C2216 लैंडिंग के समय रनवे से फिसल गई थी। विमान रनवे से आगे जाकर बाड़ से टकरा गया था। इसके चलते उसमें आग लग गई थी। विमान थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से 175 यात्रियों और छह चालक दल के सदस्यों को लेकर आया था। अधिकारियों को संदेह है कि पक्षी के टकराने से लैंडिंग गियर में खराबी आई, जिसके चलते हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें- दक्षिण कोरिया: क्यों क्रैश हुआ जेजू एयर का विमान, पायलट ने कही थी ये बड़ी बात
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।